बिहान से बदली ग्रामीण महिलाओं की तस्वीर, 53 समूहों को 2.35 करोड़ की मदद
किराना, फैंसी स्टोर से लेकर बकरी पालन और टेंट हाउस तक संभाल रहीं महिलाएं
महासमुंद। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ से जुड़ी ग्रामीण महिलाएं अब स्वरोजगार के जरिए आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश कर रही हैं। बागबाहरा क्षेत्र में महिला समितियों द्वारा 139 किराना स्टोर, 35 फैंसी स्टोर, 44 बकरी पालन, 8 गाय पालन, 35 सेंट्रिंग प्लेट और 19 टेंट हाउस संचालित किए जा रहे हैं।
बागबाहरा जनपद पंचायत में आयोजित विकासखंड स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम में बैंक लिंकेज, वित्तीय साक्षरता और विभिन्न विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान 53 समूहों को 2 करोड़ 35 लाख 20 हजार रुपये की वित्तीय सहायता तथा 22 उद्यमी दीदियों को व्यक्तिगत उद्यम ऋण की स्वीकृति दी गई।
बिहान के तहत अब तक समूहों को रिवॉल्विंग फंड से 348.60 लाख, सामुदायिक निवेश कोष से 1208.40 लाख और ग्राम संगठन स्टार्टअप फंड से 24.85 लाख रुपये मिल चुके हैं। क्लस्टर के माध्यम से यह राशि समूहों को कम ब्याज पर आसान किस्तों में उपलब्ध कराई जाती है, जिससे क्लस्टर महिलाओं के लिए ‘मिनी बैंक’ की तरह काम कर रहे हैं।
जनपद अध्यक्ष केशव चंद्राकर ने कहा कि बिहान ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का मजबूत माध्यम बन रहा है। वहीं जनपद उपाध्यक्ष तरुण व्यवहार और सीईओ एम.एल. मंडावी ने प्रशिक्षण, वित्तीय प्रबंधन और स्थायी आजीविका से महिलाओं को जोड़ने पर जोर दिया।
