स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस का अभियान, ग्रामीणों से भरवाए बिजली संबंधी फॉर्म

उपभोक्ताओं की आपत्तियां और समस्याएं दर्ज कर संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का दावा
महासमुंद। खल्लारी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम घोच में स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अभियान चलाकर ग्रामीण बिजली उपभोक्ताओं की आपत्तियां और समस्याएं दर्ज कीं। जिला कांग्रेस कमेटी के मार्गदर्शन में आयोजित अभियान के दौरान ग्रामीणों को बिजली संबंधी फॉर्म उपलब्ध कराए गए तथा उन्हें फॉर्म भरने में सहयोग किया गया।
अभियान जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव के मार्गदर्शन तथा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों से स्मार्ट मीटर को लेकर उनकी समस्याएं और आपत्तियां सुनीं। कार्यकर्ताओं ने कहा कि ग्रामीण उपभोक्ताओं की शिकायतों को संकलित कर संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बिजली व्यवस्था में किए जा रहे बदलावों की उपभोक्ताओं को पूरी जानकारी मिलनी चाहिए। साथ ही ग्रामीण उपभोक्ताओं की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना जाना आवश्यक है। अभियान के दौरान ग्रामीणों ने स्मार्ट मीटर को लेकर अपनी चिंताएं और आपत्तियां कार्यकर्ताओं के सामने रखीं।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष पवन कुमार साहू, चंद्रहास ‘पप्पू’ साहू, पीली बारिहा, लोकेश साहू, गिरिराज ललित साहू, महेंद्र साहू, हेमंत साहू, जगन्नाथ ध्रुव, बसंत मिश्रा, भोलाराम मिश्रा, कमल निर्मलकर, नामदेव दुष्यंत यादव, तेज साहू, वेदराम यादव, टीकम दीवान, यशवंत निषाद सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। स्थानीय ग्रामीणों ने भी अभियान में भागीदारी निभाई।

इन्हें भी पढ़े