जनभागीदारी से ‘सेवा संकल्प अभियान’ को भव्य और व्यापक स्वरूप देने के निर्देश
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जिलेभर में होंगे विविध आयोजन, जिला मुख्यालय से ग्राम पंचायत स्तर तक प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर
गरियाबंद, 10 सितंबर 2026/ राजिम विधायक रोहित साहू एवं कलेक्टर रणबीर शर्मा ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले एक माह के अभियान को शासन, प्रशासन और जनभागीदारी के समन्वित प्रयासों से व्यापक एवं प्रभावी स्वरूप देने के निर्देश दिए। बैठक में विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारियों से उन्हें सौंपे गए दायित्वों की जानकारी ली गई तथा कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के नोडल अधिकारी प्रखर चंद्राकर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा, नेतृत्व एवं समर्पण की यात्रा के प्रति आभार व्यक्त करने तथा विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से सशक्त बनाने के उद्देश्य से ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान जिला मुख्यालय से लेकर जनपद पंचायत, तहसील, नगर पंचायत, प्रमुख कस्बों एवं ग्राम पंचायत स्तर तक पहुंचें। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों, शैक्षणिक संस्थाओं, स्व-सहायता समूहों, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों सहित समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में विभागवार कार्यक्रमों एवं तैयारियों की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध एवं बेहतर समन्वय के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के प्रत्येक कार्यक्रम का उद्देश्य स्पष्ट हो तथा आयोजन में अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी कार्यक्रमों की नियमित समीक्षा और मैदानी स्तर पर प्रभावी मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।
उन्होंने अभियान के तहत केंद्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को ‘कहानी बदलाव की’ के रूप में संकलित कर आमजन तक पहुंचाने कहा। उन्होंने कहा कि वास्तविक हितग्राहियों की सफलता की प्रेरक कहानियां शासन की योजनाओं के प्रभाव को जन-जन तक पहुंचाने और अन्य पात्र नागरिकों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से किया जाएगा। इसके माध्यम से नागरिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ विकसित भारत-2047 के संकल्प से जुड़ेंगे। जिले के प्रमुख जनआस्था, धार्मिक, ऐतिहासिक, पुरातात्विक, विरासत एवं सार्वजनिक महत्व के स्थलों पर भी विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
17 सितंबर से 07 अक्टूबर तक शासकीय एवं निजी विद्यालयों में ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ पहल के अंतर्गत विकसित भारत की संकल्पना एवं 25 वर्षों की सेवा यात्रा पर आधारित चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। विद्यार्थियों की रचनात्मक कल्पनाओं को प्रदर्शनी के माध्यम से प्रदर्शित करने तथा उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित करने की भी योजना है। अभियान के दौरान ‘नमो सेवा गाथा’ के माध्यम से नुक्कड़ नाटक एवं अन्य जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इनके जरिए जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवा कार्यों और नागरिकों के जीवन में आए बदलावों को सरल एवं प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचाया जाएगा। वहीं 25 सितंबर से 07 अक्टूबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का उत्सव’ आयोजित किया जाएगा। इसमें माताओं एवं बच्चों की सहभागिता के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान तथा पोषण, मातृ सहायता, टीकाकरण और महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसेवा यात्रा के प्रति आभार एवं विकसित भारत-2047 के संकल्प को मजबूत करने के लिए ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ सहित विभिन्न जनभागीदारी यात्राएं आयोजित की जाएंगी। ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल के अंतर्गत नागरिकों एवं संस्थाओं को स्वच्छता, नदी एवं घाटों की सफाई सहित विभिन्न जनहितैषी सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाएगा।
इसी क्रम में ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत विधानसभा एवं विकासखंड स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में पात्र नागरिकों को केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने, पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने तथा आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष जोर रहेगा। अभियान में विकसित भारत संकल्प यात्रा, जन-जन सेवा संकल्प, रंगोली राष्ट्र, भारत मंडल, राष्ट्रीय इनोवेशन चौलेंज तथा जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। बैठक में बताया गया कि व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न स्तरों पर बैठकें आयोजित की जा रही हैं तथा दिनवार एवं तिथिवार कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जा रही है। जिला प्रशासन द्वारा सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
बैठक में संबंधित विभागीय नोडल अधिकारियों ने उन्हें सौंपे गए दायित्वों के तहत प्रस्तावित कार्यक्रमों एवं तैयारियों की जानकारी दी। अधिकारियों से कार्यक्रमों की रूपरेखा, आयोजन स्थल, सहभागिता तथा आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ केवल शासकीय कार्यक्रमों की श्रृंखला न होकर जनभागीदारी के माध्यम से सेवा, समर्पण और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने का अवसर बने। इसके लिए जिला प्रशासन और सभी विभाग मिलकर योजनाबद्ध तरीके से कार्य करें तथा जिले के प्रत्येक क्षेत्र और प्रत्येक वर्ग तक अभियान की पहुंच सुनिश्चित करें।
