जिला साहू संघ ने 280 शिक्षकों का किया सम्मान
शॉल, श्रीफल व स्मृति चिन्ह भेंटकर गुरुजनों के योगदान को किया नमन
महासमुंद। जिला साहू संघ महासमुंद के तत्वावधान में शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिला अध्यक्ष प्रो. ढालूराम साहू के मार्गदर्शन में आयोजित समारोह में जिले के 280 शिक्षकों एवं सेवानिवृत्त शिक्षकों का शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रो. ढालूराम साहू ने कहा कि शिक्षक समाज निर्माण की आधारशिला हैं। वे विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ संस्कार, अनुशासन और नैतिक मूल्यों की शिक्षा देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव रखते हैं। गुरुजनों का सम्मान हमारी संस्कृति और सामाजिक जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
समारोह में समाज के वरिष्ठजनों, जिला एवं तहसील पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री नंदकुमार साहू ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन जिला उपाध्यक्ष देवेश साहू ने किया। समारोह आत्मीय एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
