साइकिल मिली तो बेटियों की राह हुई आसान, शिक्षा के सपनों को मिले पंख

छात्राओं को किया गया साइकिल वितरण, विधायक ने पढ़ाई के लिए किया प्रेरित
महासमुंद। निःशुल्क सरस्वती साइकिल योजना के तहत सोनासिल्ली शासकीय स्कूल में छात्राओं को साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। साइकिल मिलने से छात्राओं के लिए विद्यालय तक आवागमन आसान होगा और उन्हें स्कूल आने-जाने में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना तथा नियमित विद्यालय आने के लिए सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराना रहा।
कार्यक्रम में खल्लारी विधायक एवं पूर्व संसदीय सचिव द्वारिकाधीश यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत सोनासिल्ली की सरपंच निर्मला जीतराम यादव ने की। विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष फत्तेलाल यादव, उपाध्यक्ष एवं ग्राम पंचायत लामीडीह की सरपंच कमला दीवान सहित जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विधायक द्वारिकाधीश यादव ने छात्राओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा जीवन को बेहतर दिशा देने का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। शासन की योजनाओं का उद्देश्य विद्यार्थियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराकर उनकी पढ़ाई में आने वाली बाधाओं को दूर करना है। साइकिल मिलने से छात्राओं का विद्यालय तक पहुंचना सुगम होगा और वे नियमित रूप से स्कूल आ सकेंगी।
उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे साइकिल सुविधा का सदुपयोग करते हुए नियमित रूप से विद्यालय आएं और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी मेहनत करें। उन्होंने कहा कि आज की छात्राएं शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़कर परिवार, समाज और क्षेत्र का नाम रोशन कर रही हैं।
कार्यक्रम में फत्तेलाल यादव, कमला दीवान, जीतराम यादव, जितेन्द्र ध्रुव, खेदूराम पटेल, दुलार यादव, भारत दीवान, युगल किशोर यादव, उत्तम साहू, त्रिलोकीनाथ पटेल, घसीराम सोनी, निरंजन पटेल, डाकेश्वर यादव, दुष्यन्त यादव, नेतराम चौधरी, मूलचंद साहू, प्राचार्य अनूप कुमार गुप्ता, पवन साहू, गिरिराज सहित विद्यालय परिवार, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

इन्हें भी पढ़े