न्यायिक कर्मचारी संघ के चुनाव में अजय ध्रुव अध्यक्ष निर्वाचित

62 वोट पाकर 31 मतों से दर्ज की जीत, सुनील कश्यप सचिव और हितेश दीवान कोषाध्यक्ष निर्विरोध चुने गए
महासमुंद। जिला न्यायालय में छत्तीसगढ़ न्यायिक कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष, सचिव एवं कोषाध्यक्ष पद के लिए चुनाव संपन्न हुआ। चुनाव में महासमुंद सहित बसना, सरायपाली, पिथौरा और बागबाहरा के न्यायिक कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक मतदान किया। कुल 104 मतदाताओं ने मतदान किया, जिसमें 3 मतपत्र निरस्त पाए गए, जबकि 101 मत वैध रहे।
अध्यक्ष पद के लिए अजय ध्रुव, नितेश कुमार पठारे और मीर जी यादव के बीच त्रिकोणीय मुकाबला हुआ। मतगणना में अजय ध्रुव को 62 वोट, नितेश कुमार पठारे को 31 वोट और मीर जी यादव को 8 वोट मिले। इस तरह अजय ध्रुव ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी नितेश कुमार पठारे को 31 मतों के अंतर से पराजित कर अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की।
वहीं सचिव एवं कोषाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ। सचिव पद के लिए सुनील कश्यप तथा कोषाध्यक्ष पद के लिए हितेश दीवान ने नामांकन दाखिल किया था। दोनों पदों पर अन्य कोई उम्मीदवार नहीं होने के कारण सुनील कश्यप को सचिव और हितेश दीवान कोषाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में निर्वाचन अधिकारी प्रदीप देवांगन तथा सह-निर्वाचन अधिकारी अखिलेश गुप्ता एवं सोमप्रकाश मत्सपाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को न्यायिक कर्मचारियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

इन्हें भी पढ़े