नवाचार और समाजसेवा की मिसाल बने शिक्षक महेन्द्र पटेल

राज्य शिक्षक पुरस्कार 2025 से राजभवन में सम्मानित, आरंग विकासखंड के पहले शिक्षक को मिला यह गौरव
महासमुंद। शिक्षक दिवस के अवसर पर लाफिन कला निवासी समाजसेवी एवं नवाचारी शिक्षक महेन्द्र कुमार पटेल को राज्य शिक्षक पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया गया। राजभवन में आयोजित गरिमामय समारोह में राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने उन्हें सम्मानित कर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
महेन्द्र कुमार पटेल को यह सम्मान शिक्षा में नवाचार, शिक्षा दान केन्द्र के संचालन, कैरियर गाइडेंस के माध्यम से उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने, समाजसेवा में उल्लेखनीय योगदान तथा राष्ट्रीय महत्व के कार्यों में सहभागिता के लिए प्रदान किया गया। इसके अलावा शाला में भौतिक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, आरंग क्षेत्र की पुरातात्विक धरोहरों के संकलन एवं संरक्षण तथा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय कार्यों को भी सम्मान का आधार बनाया गया।
आरंग विकासखंड के पहले शिक्षक जिन्हें मिला राज्य पुरस्कार
उल्लेखनीय है कि महेन्द्र कुमार पटेल वर्तमान में आरंग विकासखंड के चरौदा में पदस्थ हैं। उन्हें राज्य शिक्षक पुरस्कार मिलने के साथ ही वे आरंग विकासखंड के पहले शिक्षक बन गए हैं, जिन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हुआ है। शिक्षा के साथ सामाजिक सरोकारों में सक्रिय भागीदारी और विभिन्न क्षेत्रों में किए गए नवाचारों के चलते उनकी इस उपलब्धि को विशेष माना जा रहा है।
‘स्वभाव से शिक्षक बनकर समाज के लिए करें कार्य’
सम्मान प्राप्त करने के बाद शिक्षक महेन्द्र पटेल ने कहा कि डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन पेशे से नहीं, बल्कि स्वभाव से शिक्षक थे। हमें भी स्वभाव से शिक्षक बनकर समाज के लिए कार्य करना चाहिए। सही मायने में शिक्षक वही है, जो बच्चों की शैक्षिक योग्यता बढ़ाने के साथ-साथ समाज को भी सही दिशा दे। उन्होंने बताया कि वे दस से अधिक सामाजिक संगठनों से सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं और विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में निरंतर सहभागिता निभा रहे हैं।
शिक्षा जगत में हर्ष, ग्रामीणों ने दी बधाई
महेन्द्र कुमार पटेल की इस उपलब्धि से शिक्षा जगत में हर्ष का माहौल है। उनकी उपलब्धि पर अनेक जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, सामाजिक संगठनों, लाफिन कला के ग्रामीणों तथा मरार समाज के लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

इन्हें भी पढ़े