मिनी माता सम्मान, माता बहादुर कलारिन सम्मान एवं वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी स्मृति पुरस्कार के लिए आवेदन

बेमेतरा 08 सितंबर 2026/छत्तीसगढ़ शासन द्वारा महिलाओं के उत्थान, सशक्तिकरण, आत्मबल, वीरता, शौर्य एवं साहस के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली राज्य की महिलाओं को प्रतिवर्ष विभिन्न सम्मान एवं पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं। इसी क्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा मिनी माता सम्मान (महिला उत्थान), माता बहादुर कलारिन सम्मान एवं वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी स्मृति पुरस्कार प्रदान किए जाने हैं।
मिनी माता सम्मान (महिला उत्थान) महिलाओं, विशेषकर अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वर्ग की महिलाओं के उत्थान के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं तथा अशासकीय संस्थाओं के योगदान को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रदान किया जाता है।
माता बहादुर कलारिन सम्मान महिलाओं के उत्पीड़न के खिलाफ संघर्ष करने तथा नारी उत्थान के क्षेत्र में अभूतपूर्व एवं उल्लेखनीय कार्य करने वाली राज्य की महिलाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रदान किया जाता है।
इसी प्रकार वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी स्मृति पुरस्कार महिलाओं में वीरता, शौर्य, साहस एवं आत्मबल को सशक्त करने के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली राज्य की महिलाओं को प्रदान किया जाता है।
जिले में उक्त क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय कार्य करने वाली पात्र महिलाओं से इन सम्मान एवं पुरस्कारों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक महिलाएं अपना आवेदन कार्यालय जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला बेमेतरा (छत्तीसगढ़) में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्रस्तुत कर सकती हैं। आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तिथि 26 सितंबर 2026 को शाम 5ः00 बजे तक निर्धारित की गई है। निर्धारित समय-सीमा के पश्चात प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। पुरस्कार एवं सम्मान से संबंधित विस्तृत जानकारी तथा आवेदन प्रक्रिया के संबंध में इच्छुक आवेदक कार्यालय जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला बेमेतरा से संपर्क कर सकते हैं।

इन्हें भी पढ़े