कलेक्टर ने ली समय-सीमा की बैठक
शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं, डीएमएफ कार्यों और लंबित प्रकरणों की हुई गहन समीक्षा
बेमेतरा 08 सितंबर 2026/कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने आज कलेक्ट्रेट स्थित दिशा सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं के क्रियान्वयन, आगामी सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों, जिला खनिज न्यास निधि (डीएमएफ) के कार्यों, घुमंतू पशुओं की व्यवस्था तथा विभिन्न विभागों में लंबित प्रकरणों की विस्तृत एवं बिंदुवार समीक्षा की। बैठक में जिले के सभी विभागों के प्रमुख अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं नगरीय निकायों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक की शुरुआत में कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने कहा कि शासन की मंशा है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से पहुंचे। इसके लिए सभी अधिकारी सक्रियता एवं गंभीरता के साथ कार्य करें। उन्होंने सभी विभागों को अपने निर्धारित लक्ष्यों की नियमित समीक्षा करते हुए लक्ष्य पूर्ति की दिशा में प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सेवा संकल्प अभियान की तैयारियां सर्वाेच्च प्राथमिकता से करें
कलेक्टर ने आगामी ‘सेवा संकल्प अभियान’ को शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता वाला अभियान बताते हुए कहा कि अभियान के अंतर्गत निर्धारित सभी गतिविधियों का समय पर एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि इसके मूल उद्देश्यों की पूर्ति हो सके। उन्होंने सभी विभागों को शिविरों के लिए हितग्राहियों की सूची आज ही तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 17 सितंबर को दीप प्रज्वलित कर माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार प्रदर्शित किया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभाग आवश्यक तैयारियां समय रहते पूर्ण करें। कलेक्टर ने अभियान के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए उन्हें अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए। साथ ही मुनादी, बैनर, पोस्टर एवं सोशल मीडिया के माध्यम से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिक योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठा सकें।
डीएमएफ कार्यों में लापरवाही पर होगी कठोर कार्रवाई
जिला खनिज न्यास निधि (डीएमएफ) के तहत स्वीकृत विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने कड़ा रुख अपनाते हुए अधिकारियों को कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डीएमएफ से क्षेत्रों के विकास के लिए राशि स्वीकृत की गई है, इसलिए इसके उपयोग में पूरी पारदर्शिता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित होना आवश्यक है।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्यों में निर्धारित तकनीकी मापदंडों का शत-प्रतिशत पालन हो। साथ ही जियो टैगिंग, थर्ड पार्टी निरीक्षण एवं नियमित मॉनिटरिंग अनिवार्य रूप से की जाए। कार्य समय पर पूर्ण नहीं होने अथवा गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार, एजेंसी एवं मॉनिटरिंग अधिकारी के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने सभी एसडीएम एवं तकनीकी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में डीएमएफ के तहत संचालित कार्यों का स्थल निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
घुमंतू पशुओं के लिए मानवीय एवं सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित करें
सड़कों पर घूम रहे निराश्रित एवं घुमंतू पशुओं के कारण हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने पशुधन विकास विभाग, नगर पालिका एवं जनपद पंचायतों को समन्वय के साथ संयुक्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी नगरीय निकाय एवं प्रमुख ग्राम पंचायतें घुमंतू पशुओं को पकड़कर नजदीकी गौठान, गौशाला एवं कांजी हाउस में सुरक्षित रखें।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन स्थानों पर पशुओं के लिए पर्याप्त चारा, पानी, छाया एवं प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बीमार, बेसहारा एवं सड़क दुर्घटना में घायल पशुओं के उपचार के लिए पशु चिकित्सकों की मोबाइल टीम को 24 घंटे सक्रिय रखने को कहा। साथ ही पशुपालकों को भी समझाइश देने के निर्देश दिए कि वे अपने पशुओं को खुले में न छोड़ें।
विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में लाएं तेजी
बैठक में कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण एवं शहरी), महतारी वंदन योजना, जल जीवन मिशन, पीएम जनमन योजना, आयुष्मान भारत, मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन, पेंशन योजनाओं एवं राजस्व प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा की।
उन्होंने सभी विभागों को अपने निर्धारित लक्ष्यों के विरुद्ध उपलब्धियों की समीक्षा करने तथा जिन योजनाओं में प्रगति अपेक्षाकृत कम है, वहां विशेष अभियान चलाकर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी न हो और पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाया जाए।
लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में करें गुणवत्तापूर्ण निराकरण
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जनदर्शन एवं पीजी पोर्टल में लंबित आवेदनों की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि कोई भी आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित न रहे। सभी अधिकारी प्रतिदिन अपने संबंधित पोर्टल की निगरानी करें तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण कर जवाब प्रस्तुत करें।
उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। अधिकारी संवेदनशीलता के साथ नागरिकों की समस्याएं सुनें और नियमानुसार उनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें।
बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री प्रेमलता पद्माकर, अपर कलेक्टर प्रकाश भारद्वाज, सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, सभी नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
