इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता 2026-27 के लिए 15 सितंबर तक करें निःशुल्क पंजीयन

उत्तर बस्तर कांकेर, 08 सितम्बर 2026/कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय एवं राष्ट्रीय कौशल विकास निगम के तत्वावधान में देश की सबसे बड़ी कौशल स्पर्धा ‘इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता 2026-27’ के लिए निःशुल्क ऑनलाइन पंजीयन किया जा रहा है। इच्छुक युवा 15 सितंबर तक ऑनलाईन पंजीयन कर सकते हैं।
शासकीय महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था कांकेर से प्राप्त जानकारी अनुसार प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए किसी औपचारिक डिग्री की अनिवार्यता नहीं है, बल्कि संबंधित हुनर में दक्षता आवश्यक है। प्रतियोगिता में रोबोटिक्स, क्लाउड कंप्यूटिंग, साइबर सिक्योरिटी, वेब टेक्नोलॉजी, वेल्डिंग, कारपेंट्री, कुकिंग, फैशन टेक्नोलॉजी, बेकरी और ऑटोमोबाइल सहित कुल 63 इंडस्ट्री-रेडी स्किल्स शामिल हैं। भाग लेने के लिए सामान्यतः अभ्यर्थी की जन्म तिथि 1 जनवरी 2006 या उसके बाद होनी चाहिए। वहीं क्लाउड कंप्यूटिंग, साइबर सिक्योरिटी एवं इंडस्ट्री 4.0 जैसी आधुनिक विधाओं के लिए 01 जनवरी 2003 या उसके बाद जन्मे युवा भी पात्र होंगे।
जिला स्तर से प्रारंभ होकर राज्य, क्षेत्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को जापान के आइची में आयोजित वर्ल्ड स्किल्स प्रतियोगिता 2028 में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त होगा। इच्छुक युवा https://www.skillindiadigital.gov.in पोर्टल पर जाकर निःशुल्क ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं। पंजीयन संबंधी तकनीकी सहायता एवं विस्तृत जानकारी के लिए नजदीकी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था से संपर्क किया जा सकता है।

इन्हें भी पढ़े