मिनी माता सम्मान (महिला उत्थान), माता बहादुर कलारिन सम्मान तथा वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी स्मृति पुरस्कार के लिए 25 तक प्रविष्टियां
महासमुंद 08 सितंबर 2026/छत्तीसगढ़ शासन द्वारा महिलाओं, विशेषकर अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक महिलाओं के उत्थान एवं सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली राज्य की एक महिला अथवा अशासकीय संस्था को प्रतिवर्ष ‘मिनी माता सम्मान (महिला उत्थान)’ पुरस्कार प्रदान किया जाता है। वर्ष 2026-27 के लिए इस सम्मान हेतु महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा योग्य एवं पात्र महिला अथवा अशासकीय संस्था से प्रविष्टियां आमंत्रित की गई हैं। इस पुरस्कार के अंतर्गत चयनित महिला अथवा अशासकीय संस्था को 2 लाख रुपये की राशि एवं प्रशस्ति पट्टिका सम्मान स्वरूप प्रदान की जाएगी। इसी तरह महिलाओं के उत्पीड़न के खिलाफ संघर्ष एवं नारी उत्थान के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रतिवर्ष “माता बहादुर कलारिन सम्मान” प्रदान किया जाता है। वर्ष 2026-27 के लिए इस सम्मान हेतु योग्य एवं पात्र महिलाओं से प्रविष्टियां आमंत्रित की गई हैं। सम्मान के अंतर्गत चयनित एक महिला को 2 लाख रुपये की सम्मान राशि एवं प्रशस्ति पट्टिका प्रदान की जाएगी। इसी तरह छत्तीसगढ़ शासन द्वारा महिलाओं, विशेषकर वीरता, शौर्य, साहस तथा महिलाओं में आत्मबल को सशक्त करने के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली राज्य की महिलाओं को प्रतिवर्ष “वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी स्मृति पुरस्कार” प्रदान किया जाता है। वर्ष 2026-27 के लिए इस पुरस्कार हेतु योग्य एवं पात्र महिलाओं से प्रविष्टियां आमंत्रित की गई हैं। इस पुरस्कार के अंतर्गत चयनित महिला को 2 लाख रुपये की राशि एवं प्रशस्ति पट्टिका सम्मान स्वरूप प्रदान की जाएगी।
जिले की इच्छुक एवं पात्र महिला अथवा संस्था निर्धारित प्रारूप में आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपनी प्रविष्टि 25 सितम्बर 2026 तक जिला कार्यालय, महिला एवं बाल विकास विभाग, महासमुंद में जमा कर सकती है। प्राप्त प्रविष्टियों की जिला स्तर पर गठित चयन समिति द्वारा स्क्रीनिंग की जाएगी। स्क्रीनिंग के उपरांत जिले से सर्वोत्कृष्ट दो महिला, संस्थाओं के नाम का चयन कर अनुशंसा सहित संचालनालय, महिला एवं बाल विकास विभाग, नवा रायपुर को भेजा जाएगा। विभाग ने पात्र एवं इच्छुक महिला एवं अशासकीय संस्थाओं से अपील की है कि वे निर्धारित प्रारूप में आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपनी प्रविष्टियां निर्धारित तिथि तक जिला कार्यालय में अनिवार्य रूप से जमा करें। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त प्रविष्टियों पर विचार किया जाना संभव नहीं होगा। पुरस्कार से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं निर्धारित प्रारूप महिला एवं बाल विकास विभाग की वेबसाइट www.cgwed.gov.in पर प्राप्त की जा सकती है।
