सीएम हेल्पलाइन 1076 से ईवी वाहन की सब्सिडी संबंधी समस्या का हुआ समाधान

बसना के खिरोद कुमार साव को मिली सब्सिडी राशि, मुख्यमंत्री एवं परिवहन विभाग के प्रति जताया आभार
महासमुन्द 07 सितम्बर 2026/ मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 प्रदेशवासियों की समस्याओं के त्वरित निराकरण का प्रभावी माध्यम बन रही है। एक कॉल पर शिकायत दर्ज होने के बाद संबंधित विभाग द्वारा समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। अब तक प्रदेश के लाखों नागरिकों की समस्याओं का निराकरण मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से किया जा चुका है।
इसी क्रम में महासमुन्द जिले के विकासखंड बसना अंतर्गत ग्राम केंवटापाली निवासी खिरोद कुमार साव ने अपने ईवी (इलेक्ट्रिक वाहन) से संबंधित सब्सिडी राशि प्राप्त नहीं होने की समस्या को लेकर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर कॉल किया। शिकायत दर्ज होने के बाद संबंधित विभाग द्वारा प्रकरण पर त्वरित कार्रवाई की गई, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें ईवी वाहन की लंबित सब्सिडी राशि प्राप्त हो गई।
समस्या का समाधान होने पर श्री खिरोद कुमार साव ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं परिवहन विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से उनकी समस्या का समाधान समय पर हुआ, जिससे उन्हें काफी राहत मिली।