सब्बल से दुकानों के शटर तोड़े, गल्ले की नकदी ले उड़े चोर
आधी रात के बाद वारदात, लाल दोपहिया से पहुंचे थे तीन नकाबपोश संदिग्ध; सीसीटीवी फुटेज से तलाश में जुटी पुलिस
महासमुंद। राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर ओवरब्रिज चौक के पास ग्राम भगत देवरी में शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात चोरों ने दो दुकानों को निशाना बनाया। तीन अज्ञात आरोपी दोपहिया वाहन से पहुंचे और सब्बल से दुकानों के शटर तोड़कर अंदर घुसे। इसके बाद गल्ले में रखी नकदी लेकर फरार हो गए। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार 4-5 सितंबर की दरम्यानी रात करीब 3 से 4 बजे के बीच तीन अज्ञात युवक लाल रंग की दोपहिया वाहन से भगत देवरी पहुंचे। आरोपियों ने सबसे पहले कोमल च्वॉइस सेंटर का शटर सब्बल से तोड़ा। इसके बाद पास स्थित संजय हार्डवेयर की दुकान को निशाना बनाया और उसका शटर भी तोड़ दिया।
शटर तोड़कर दुकानों के भीतर दाखिल हुए आरोपियों ने सामान को खंगाला और गल्ले में रखी नकदी लेकर फरार हो गए। चोरों ने कोमल च्वॉइस सेंटर में रखे कंप्यूटर और प्रिंटर को भी नुकसान पहुंचाया।
सुबह दुकान खोलने पहुंचे संचालकों को शटर टूटा मिला और चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में तीन संदिग्ध वारदात को अंजाम देते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है और उनकी तलाश की जा रही है।
