सड़कों पर मवेशी छोड़ने वालों पर पालिका की नजर

टैग लगे मवेशियों के जरिए मालिकों की होगी पहचान, नोटिस देकर होगी नियमानुसार कार्रवाई
महासमुंद। शहर की सड़कों एवं सार्वजनिक स्थानों पर खुले में घूम रहे मवेशियों को लेकर नगर पालिका द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी सौरभ शर्मा ने बताया कि शहर में केवल आसपास के गांवों के ही नहीं, बल्कि दूसरे जिलों से आने वाले मवेशी भी सड़कों पर पाए जा रहे हैं।
सी एम ओ बताया कि टैग लगे मवेशियों की पहचान कर उनके मालिकों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए नगर पालिका के विभिन्न विभागों के प्रभारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी मैदान में उतारा गया है। कर्मचारी शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में घूमकर मवेशियों की निगरानी एवं टैग के आधार पर उनकी पहचान कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि कई बार आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के पशु मालिक अपने मवेशियों को शहर की ओर छोड़ देते हैं। इसके अलावा अन्य जिलों से भी मवेशियों के शहर में आने की स्थिति सामने आ रही है। ऐसे मवेशियों के संबंध में उपलब्ध जानकारी के आधार पर उनके मालिकों की पहचान की जाएगी तथा संबंधित क्षेत्र के पशु मालिकों को नोटिस देकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी
सीएमओ ने पशु मालिकों से की अपील
मुख्य नगर पालिका अधिकारी सौरभ शर्मा ने पशु मालिकों से अपील की है कि वे अपने मवेशियों को खुले में न छोड़ें और उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखें। सड़कों पर मवेशियों के विचरण से यातायात प्रभावित होने के साथ दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
उन्होंने कहा कि शहर की सड़कों को मवेशियों से मुक्त रखने के लिए पालिका द्वारा अभियान लगातार जारी रहेगा। मवेशियों को जानबूझकर खुले में छोड़ने वाले पशु मालिकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।