बाइक से 60 लीटर महुआ शराब ले जाते युवक पकड़ा गया
महासमुंद। सिंघोड़ा पुलिस ने बाइक से अवैध रूप से महुआ शराब का परिवहन कर रहे एक युवक के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 60 लीटर महुआ शराब और बाइक जब्त की है। पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक बाइक से शराब लेकर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने बाइक क्रमांक सीजी 06 ए 0716 को राफेल चौक के आगे नर्सरी के पास रोककर जांच की। पूछताछ में चालक ने अपना नाम ग्राम पैकिन निवासी कुंदन तांडी (22) बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 60 लीटर महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 12 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने शराब और बाइक जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
