सड़क पर बाइक खड़ी करने को लेकर विवाद, युवक ने ईंट से पीटा
महासमुंद। सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम समदरहा में सड़क के बीच बाइक खड़ी करने को लेकर हुए विवाद में मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एक आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम समदरहा निवासी आनंद साहू (42) ने शिकायत में बताया कि कुश तांडी (21) ने सड़क के बीच तीन बाइक खड़ी कर रखी थीं। आनंद ने जब इस बारे में उससे पूछा तो कुश ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद 26 अगस्त की शाम करीब 5 बजे आरोपी उसके घर के सामने पहुंचा और ईंट से मारपीट कर दी। हमले में आनंद के सिर में चोट आई। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 115, 351(2) के तहत अपराध दर्ज किया है।
