ट्रक की लाइट देखकर धीमी कर रहा था बाइक की रफ्तार, पीछे से दूसरी बाइक ने मारी ठोकर

महासमुंद। बाइक दुर्घटना में लमकेनी निवासी हुलेश विश्वकर्मा (55) की मौत के मामले में जांच के बाद बागबाहरा पुलिस ने आरोपी वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने मर्ग जांच के दौरान चश्मदीद गवाहों के बयान दर्ज किए।
पुलिस के अनुसार ग्राम बोईरगांव वार्ड-10 निवासी परमानंद बरिहा (35) और लमकेनी निवासी मनहरण बरिहा (50) ने बताया कि हुलेश विश्वकर्मा अपनी बाइक क्रमांक सीजी 06 एचबी 9310 से जा रहा था। रात करीब 10.30 बजे राहुल अग्रवाल के राइस मिल के आगे सामने से आ रहे ट्रक की लाइट देखकर उसने बाइक की रफ्तार धीमी की। इसी दौरान पीछे से आ रही बाइक क्रमांक सीजी 06 जीडब्ल्यू 8571 के चालक ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में हुलेश को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई। जांच के बाद पुलिस ने आरोपी वाहन चालक के खिलाफ धारा 125(ए), 106(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध दर्ज किया है।