किशनपुर के कंतरा नाला में शराब बनाने का खुलासा, बाधामुड़ा में झोपड़ी से 15 लीटर महुआ शराब बरामद

महासमुंद। जिले के पिथौरा और कोमाखान थाना क्षेत्र में अलग-अलग कार्रवाई करते हुए कुल 65 लीटर हाथभट्ठी निर्मित महुआ शराब जब्त की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 13 हजार रुपए बताई गई है। दोनों मामलों में पुलिस ने दो आरोपियों को आबकारी एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। कार्रवाई के दौरान शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले बर्तन समेत कुल 16 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की गई।
कंतरा नाला में चल रहा था शराब बनाने का काम, एक आरोपी गिरफ्तार
पिथौरा पुलिस के अनुसार, 3 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम किशनपुर के कंतरा नाला के पास कुछ लोग अवैध रूप से हाथभट्ठी महुआ शराब बना रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस को देखकर तीन लोग मौके से फरार हो गए, जबकि सुखराम बरिहा (45), निवासी कुरकुटी, थाना राजादेवरी, जिला बलौदाबाजार पुलिस के हाथ लग गया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह नारायण राणा उर्फ बाबू, मिलन बारिक और गोविंद गोंड के साथ मिलकर अवैध रूप से महुआ शराब बनाने में शामिल था। पुलिस ने मौके से 50 लीटर हाथभट्ठी महुआ शराब, जिसकी कीमत करीब 10 हजार रुपए है, तथा शराब बनाने के दो जर्मन बर्तन, कीमत करीब 3 हजार रुपए जब्त किए। मामले में पिथौरा थाना में धारा 34(2) आबकारी एक्ट का मामला दर्ज किया गया है। अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश जारी है।
बाधामुड़ा में झोपड़ी के नीचे शराब बेचते पकड़ा गया युवक
दूसरी कार्रवाई कोमाखान थाना क्षेत्र के ग्राम बाधामुड़ा में की गई। 4 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि महुआ पेड़ के नीचे बनी बांस की झोपड़ी में एक युवक हाथभट्ठी निर्मित महुआ शराब बेच रहा है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर दबिश देकर बलराम सतनामी (21), निवासी बांसकाटा, थाना कोमाखान को पकड़ा।
उसके कब्जे से तीन प्लास्टिक जरिकेन में रखा कुल 15 लीटर महुआ शराब, कीमत करीब 3 हजार रुपए, बरामद कर जब्त की गई। आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों में कुल 65 लीटर महुआ शराब और शराब बनाने के बर्तन जब्त किए गए हैं। अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त अन्य लोगों की भी पतासाजी की जा रही है।

इन्हें भी पढ़े