जरूरतमंद बच्चों की पढ़ाई को मिला संबल, 15 विद्यार्थियों को बांटे स्कूल बैग और शिक्षण सामग्री

सोहम सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल की पहल, शिक्षा के साथ स्वच्छता, जल संरक्षण और पर्यावरण का भी दिया संदेश
महासमुंद। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों की शिक्षा में संसाधनों की कमी बाधा न बने, इस उद्देश्य से सोहम सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल की ओर से आस्था वेलफेयर एंड एजुकेशन सोसाइटी महासमुंद एवं सोहम जन सेवा समिति के सहयोग से ग्राम लभरा खुर्द के प्राथमिक-मिडिल स्कूल में सेवा एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के 15 जरूरतमंद विद्यार्थियों को स्कूल बैग, कॉपी एवं पेन सहित आवश्यक शिक्षण सामग्री वितरित की गई।
कार्यक्रम में डॉ. युगल चंद्राकर एवं संस्था प्रमुख श्रीमती मधु तिवारी ने विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री भेंट की। इस अवसर पर डॉ. युगल चंद्राकर ने कहा कि आर्थिक परिस्थितियां किसी बच्चे की शिक्षा के रास्ते में बाधा नहीं बननी चाहिए। इसी भावना के साथ जरूरतमंद विद्यार्थियों को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराकर उनकी पढ़ाई में सहयोग करने का प्रयास किया गया है।
स्वच्छता और जल संरक्षण का दिया संदेश
कार्यक्रम में “जल है तो कल है, स्वच्छता से जीवन है” थीम के तहत बच्चों को स्वच्छता, जल संरक्षण एवं पर्यावरण के प्रति जागरूक किया गया। डॉ. युगल चंद्राकर ने बच्चों को हाथ धोने की सही विधि समझाने के साथ ही पानी के महत्व और उसके सदुपयोग की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों से जल की बर्बादी रोकने और आसपास स्वच्छता बनाए रखने का आह्वान किया।
‘कबाड़ से जुगाड़’ से समझाया पुनः उपयोग का महत्व
संस्था प्रमुख श्रीमती मधु तिवारी ने बच्चों को ‘कबाड़ से जुगाड़’ की अवधारणा से परिचित कराया। उन्होंने घर में अनुपयोगी पड़ी वस्तुओं का रचनात्मक तरीके से पुनः उपयोग कर सजावटी एवं उपयोगी सामग्री तैयार करने के तरीके बताए। साथ ही बच्चों को कचरा कम करने और उपयोगी वस्तुओं को दोबारा इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया।
वहीं श्रीमती शोभा शर्मा ने किचन गार्डन एवं पौधारोपण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए पॉलिथीन का उपयोग कम करने और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती निरंजना चंद्राकर ने किया तथा आभार श्रीमती तबस्सुम खान ने व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं दोनों संस्थाओं के सदस्य उपस्थित रहे।

इन्हें भी पढ़े