सड़कों पर मवेशी छोड़े तो अब खैर नहीं, 11 पशु पालकों को नोटिस

नगर पालिका ने शुरू की सख्ती, खुले में मवेशी मिलने पर जुर्माने के साथ होगी कार्रवाई
महासमुंद। शहर की सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर खुले में मवेशी छोड़ने वाले पशु पालकों के खिलाफ नगर पालिका ने अब सख्ती शुरू कर दी है। नगर पालिका की टीम शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार निरीक्षण कर सड़क पर खुले में विचरण करते पाए जाने वाले मवेशियों के पशु पालकों की पहचान की जा रही है। इसी कार्रवाई के तहत अब तक 11 पशु पालकों को नोटिस जारी किया गया है।
नगर पालिका प्रशासन ने पशु पालकों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि वे अपने मवेशियों को सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर खुले में न छोड़ें। सड़क पर मवेशियों के बैठने और विचरण करने से यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। इसके अलावा वाहन चालकों और राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
नियमित निगरानी, दोषियों पर होगी कार्रवाई
मुख्य नगर पालिका अधिकारी सौरभ शर्मा ने बताया कि खुले में मवेशी छोड़ने वाले पशु पालकों के विरुद्ध अब नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। नगर पालिका की टीम शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में नियमित निगरानी कर रही है। सड़क पर खुले में मवेशी पाए जाने पर संबंधित पशु पालकों की पहचान कर उसे नोटिस जारी किया जाएगा। इसके बाद नियमानुसार जुर्माना एवं अन्य कार्रवाई की जाएगी।
सीएमओ ने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर खुले में घूम रहे मवेशियों को पकड़कर निर्धारित स्थल पर रखने की कार्रवाई भी की जाएगी। नगर पालिका का उद्देश्य सड़कों पर मवेशियों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं और यातायात संबंधी समस्याओं को रोकना है।
पशु पालकों से सहयोग की अपील
नगर पालिका प्रशासन ने पशु पालकों से अपील की है कि वे अपने मवेशियों को घर अथवा सुरक्षित स्थान पर रखें और उन्हें सड़कों व सार्वजनिक स्थानों पर खुले में न छोड़ें। सीएमओ ने कहा कि शहर में सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखना नगर पालिका की प्राथमिकता है। इस व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नागरिकों का सहयोग भी जरूरी है।

इन्हें भी पढ़े