ओडिशा से धरमजयगढ़ जा रहा 27 किलो गांजा पकड़ा, पति-पत्नी समेत 3 गिरफ्तार
दो बाइक सवार चार लोगों को रोका गया, एक विधि से संघर्षरत बालक भी मिला साथ
गांजा, बाइक और मोबाइल समेत 14.88 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
महासमुंद। जिले से लगे अंतरराज्यीय सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 27.260 किलो गांजा जब्त किया है। कोमाखान पुलिस ने एनएच-353 स्थित टेमरी चेकपोस्ट पर मुखबिर की सूचना के आधार पर नाकाबंदी कर दो मोटरसाइकिलों में सवार चार लोगों को पकड़ा। इनमें एक दंपती भी शामिल है। कार्रवाई के दौरान एक विधि से संघर्षरत बालक भी मिला, जिसके खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिली कि दो मोटरसाइकिलों में महिला-पुरुष सवार ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर गांजे की खेप लेकर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही टेमरी जांच नाका पर पुलिस ने नाकाबंदी की। कुछ देर बाद सामने से आ रही दो संदिग्ध मोटरसाइकिलों को रोककर सवारों से पूछताछ की गई। पहली बाइक पैशन प्लस पर बजरंग यादव (27) निवासी रैरूमाखुर्द, थाना धरमजयगढ़, जिला रायगढ़ बाइक चला रहा था, जबकि पीछे उसकी पत्नी जीवन्ती महंत (20) सवार थी। दूसरी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर राजेश्वर सारथी (25), निवासी जेलपारा, धरमजयगढ़ बाइक चला रहा था। उसके साथ एक विधि से संघर्षरत बालक भी था।
तलाशी में 27.260 किलो गांजा बरामद
संदिग्धों के हाव-भाव और गतिविधियों पर संदेह होने पर पुलिस ने दोनों वाहनों और सवारों की तलाशी ली। तलाशी में कुल 27.260 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 13 लाख 63 हजार रुपए बताई गई है। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा बालीगुड़ा, ओडिशा से धरमजयगढ़, छत्तीसगढ़ ले जाना बताया।
14.88 लाख रुपए की संपत्ति जब्त
कोमाखान पुलिस ने मामले में 27.260 किलो गांजा, दो मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 14 लाख 88 हजार रुपए बताई गई है। मामले में थाना कोमाखान में धारा 20(बी)(II)(सी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने बजरंग यादव, जीवन्ती महंत और राजेश्वर सारथी को गिरफ्तार किया है, जबकि उनके साथ मिले विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
