शहर कांग्रेस की बैठक में संगठन मजबूती पर मंथन, स्मार्ट मीटर और बदहाल सड़कों को लेकर सरकार पर निशाना

‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ के संकल्प के साथ आगामी चुनाव की रणनीति तैयार, जनसमस्याओं पर संघर्ष का लिया संकल्प
महासमुंद। शहर कांग्रेस कमेटी की आवश्यक मासिक बैठक शहर कांग्रेस अध्यक्ष गुरमीत चावला के नेतृत्व में आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रभारी महामंत्री (संगठन) एवं पूर्व जिला अध्यक्ष अमरजीत चावला, पूर्व संसदीय सचिव विनोद चंद्राकर, पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर सहित कांग्रेस पदाधिकारी, वार्ड एवं बूथ प्रभारी तथा वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
बैठक में आगामी चुनावों को लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा हुई। ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ के संकल्प के साथ पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपने के साथ संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। वहीं, स्मार्ट मीटर के खिलाफ आमजन से भरवाए जा रहे शिकायत फॉर्म की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
महंगाई, बिजली बिल और स्मार्ट मीटर पर सरकार को घेरा
कांग्रेस नेताओं ने बढ़ती महंगाई, बिजली के बढ़े हुए बिल, स्मार्ट मीटर में कथित अनियमितताओं और शक्कर के बढ़ते दामों को लेकर सरकार पर निशाना साधा। नेताओं ने कहा कि इन मुद्दों से आम जनता परेशान है और कांग्रेस जनहित में इन समस्याओं को लेकर संघर्ष करेगी।
बीटीआई और तुमगांव रोड की बदहाली पर जताई चिंता
बैठक में महासमुंद शहर की जर्जर सड़कों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। विशेष रूप से बीटीआई रोड और तुमगांव रोड की बदहाल स्थिति को लेकर चिंता जताते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सरकार जनता की बुनियादी सुविधाओं और समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं है।
बैठक को अमरजीत चावला, विनोद चंद्राकर, डॉ. रश्मि चंद्राकर, गुरमीत चावला, संजय शर्मा, निखिलकांत साहू, खिलावन बघेल, भरत ठाकुर, नीतेन्द्र बैनर्जी, सोनम बंसोड, गोविंद साहू और राजू साहू सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया। संचालन खिलावन बघेल ने किया तथा आभार गुरमीत चावला ने व्यक्त किया।
बैठक में उपस्थित कांग्रेसजनों ने जनहित के मुद्दों पर एकजुट होकर संघर्ष करने और संगठन को बूथ स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

इन्हें भी पढ़े