स्वच्छ भारत मिशन से डोंगरगांव में स्वच्छता व्यवस्था में आया सकारात्मक बदलाव

राजनांदगांव 16 अक्टूबर 2026। स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, नियमित कचरा संग्रहण सुनिश्चित करने तथा नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। नगर पालिका परिषद् डोंगरगांव में स्वच्छता दीदियों द्वारा प्रतिदिन घर-घर जाकर कचरा संग्रहण किया जा रहा है। इससे नगर की सफाई व्यवस्था में सुधार आने के साथ नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता भी बढ़ रही है।
नगर पालिका परिषद् डोंगरगांव के वार्ड क्रमांक 1 निवासी आकाश सिंह ने बताया कि पहले नालियों और आसपास के स्थानों पर कचरा जमा हो जाता था। लोग खुले में भी कचरा फेंक देते थे, जिससे गंदगी फैलती थी। अब स्वच्छता दीदियों द्वारा नियमित रूप से कचरा एकत्र किया जा रहा है। इससे नालियों एवं सार्वजनिक स्थानों पर कचरा जमा होने की समस्या में कमी आई है और वार्ड की साफ-सफाई में सकारात्मक सुधार देखने को मिल रहा है। इसी वार्ड की निवासी श्रीमती कीरगंगा भुआर्य भी नियमित कचरा संग्रहण से हो रहे बदलाव से प्रसन्न हैं। उन्होंने बताया कि पहले लोग कचरा खुले में फेंक देते थे, लेकिन अब स्वच्छता वाहन के माध्यम से प्रतिदिन कचरा संग्रहण होने से इस स्थिति में काफी सुधार आया है। नियमित सफाई से मोहल्ले का वातावरण पहले की तुलना में अधिक स्वच्छ बना है। स्वच्छता दीदियों की नियमित सेवाओं से नगर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिल रही है। साथ ही नागरिकों में कचरे का उचित निपटान करने और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने की भावना विकसित हो रही है। आकाश सिंह एवं श्रीमती कीरगंगा भुआर्य सहित अन्य नागरिकों ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छता व्यवस्था में हो रहे सुधार पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि नियमित कचरा संग्रहण से नगर की सफाई व्यवस्था बेहतर हुई है।

इन्हें भी पढ़े