सड़क किनारे कार खड़ी करने पर विवाद, तीन लोगों से मारपीट
महासमुंद। पटेवा शराब भट्ठी के सामने सड़क किनारे कार खड़ी करने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि छोटा हाथी वाहन से पहुंचे कुछ लोगों ने कार सवार लोगों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी। मामले में पटेवा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम जलकी निवासी मनोज कुमार मिर्धा अपने दामाद अमर अजगल्ले, भतीजे संदीप मिर्धा और नारायण रात्रे के साथ निजी काम से पटेवा गए थे। वे अमर अजगल्ले की कार से सफर कर रहे थे। पटेवा शराब भट्ठी के सामने कार खराब हो गई, जिसके बाद उन्होंने कार को सड़क किनारे खड़ा कर दिया और मैकेनिक का इंतजार करने लगे।
इसी दौरान अमन देवांगन, राहुल सिन्हा सहित अन्य लोग छोटा हाथी वाहन से वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने सड़क पर कार खड़ी करने को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी और मनोज कुमार मिर्धा, अमर अजगल्ले व संदीप मिर्धा के साथ मारपीट की। शिकायत के बाद पटेवा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
