प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 से अजय वैष्णव का पक्के मकान का सपना हुआ साकार
राजनांदगांव 16 अक्टूबर 2026। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 जरूरतमंद परिवारों को पक्के आवास की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। योजना के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को पक्का आवास निर्माण के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। जिससे हितग्राही अपने परिवार के लिए सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवास का निर्माण कर सकें। नगर पालिका परिषद् डोंगरगांव के श्वेता पारा वार्ड क्रमांक 7 निवासी अजय वैष्णव को शासन द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 अंतर्गत पक्का मकान निर्माण के लिए 2 लाख 50 हजार रूपए की सहायता राशि प्राप्त हुई। इससे पहले उनका परिवार कच्चे मकान में निवास करता था। जिसके कारण परिवार को अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
अजय वैष्णव ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 अंतर्गत प्राप्त आर्थिक सहायता से पक्के मकान का निर्माण कराया। अब उनका परिवार सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवास में निवास कर रहा है। पक्का मकान बनने से मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों से राहत मिली है और परिवार के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। स्वयं के पक्के मकान का सपना साकार होने से परिवार में खुशियों का माहौल है। अजय वैष्णव ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के माध्यम से पक्का मकान बनाने के लिए आर्थिक सहायता मिलने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि योजना से मिली सहायता से उनका पक्का मकान का सपना पूरा हुआ है और अब उनका परिवार बेहतर सुविधाओं के साथ जीवनयापन कर रहा है।
