इनोवा और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, बाइक सवार की मौके पर मौत

गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में कराया गया भर्ती
महासमुंद। पदमपुर मार्ग पर सरेकेला के पास शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार इनोवा कार और बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार खरोरा (भूकेल) निवासी श्रीधर साव (40) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी प्रेम साव (39) गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार श्रीधर साव और प्रेम साव शनिवार सुबह बाइक क्रमांक सीजी 06 एचजी 5228 से पदमपुर (ओडिशा) जाने के लिए निकले थे। करीब सुबह 10 बजे सरेकेला के पास पदमपुर की ओर से बसना की तरफ आ रही इनोवा कार से उनकी बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े।
हादसे में श्रीधर साव को गंभीर चोटें आईं और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं प्रेम साव गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। घायल प्रेम साव को तत्काल अस्पताल भेजा गया।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों का निरीक्षण कर हादसे के कारणों एवं घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।