नंबर प्लेट से छेड़छाड़ कर ई-चालान से बचना पड़ा महंगा
यातायात पुलिस ने काटा 1,500 का चालान
सीसीटीवी में कैद हुआ वाहन, पुलिस ने कहा- नंबर प्लेट छिपाई तो चालान के साथ आपराधिक कार्रवाई भी होगी
महासमुंद। ई-चालान की कार्रवाई से बचने के लिए वाहन की नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करना एक वाहन चालक को महंगा पड़ गया। यातायात पुलिस ने सीसीटीवी निगरानी के दौरान मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी-06 एचसी-2433 की नंबर प्लेट को अस्पष्ट पाए जाने पर चालक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 1,500 रुपए का ई-चालान काटा।
यातायात पुलिस के अनुसार, शहर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार यातायात व्यवस्था की निगरानी की जा रही है। इसी दौरान एकता चौक पर उक्त मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट से छेड़छाड़ कर उसे अस्पष्ट किए जाने का मामला सामने आया। जांच में यह भी पता चला कि वाहन का पूर्व में बिना हेलमेट चलाने पर ई-चालान किया जा चुका था। इसके बाद वाहन की पहचान छिपाने और ई-चालान की कार्रवाई से बचने के उद्देश्य से नंबर प्लेट को अस्पष्ट किए जाने की संभावना सामने आई।
नंबर प्लेट मोड़ी, ढकी या बदली तो होगी कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि वाहन की नंबर प्लेट उसकी पहचान का महत्वपूर्ण माध्यम है। उसे मोड़ना, ढकना, अस्पष्ट करना या किसी अन्य तरीके से स्वरूप बदलना नियम विरुद्ध है। यातायात पुलिस ऐसे वाहनों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार नजर रख रही है।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि नंबर प्लेट से छेड़छाड़ कर ई-चालान से बचने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कार्रवाई केवल चालान तक सीमित नहीं रहेगी। मामले की परिस्थितियों और लागू कानूनी प्रावधानों के अनुसार आपराधिक प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
नियमों का पालन करने की अपील
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे वाहनों में स्पष्ट, सही और निर्धारित प्रारूप की नंबर प्लेट ही लगाएं। नंबर प्लेट को ढकने, मोड़ने या उसमें किसी भी तरह की छेड़छाड़ न करें। इसके साथ ही हेलमेट, सीट बेल्ट समेत सभी यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नंबर प्लेट छिपाकर ई-चालान से बचना संभव नहीं है और सीसीटीवी निगरानी के जरिए नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई जारी रहेगी।
