सावन मिलन समारोह में बिखरी हरियाली और उल्लास की छटा

कैटवॉक, टैलेंट राउंड और प्रश्नोत्तरी में शिखा सोनी बनीं सावन क्वीन, सारिका व पूर्णिमा ने हासिल किया क्रमशः द्वितीय व तृतीय स्थान
महासमुंद। स्वर्णकार महिला मंडल महासमुंद द्वारा रविवार को स्थानीय सामाजिक सामुदायिक भवन में सावन मिलन समारोह का आयोजन धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान कान्हा की आराधना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। माता कौशल्या वेलफेयर फाउंडेशन की अध्यक्ष श्रीमती उषा साहू एवं छत्तीसगढ़िया स्वर्णकार महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती सरला सोनी ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया।
समारोह में ‘ग्रीन थीम’ यानी हरियाली विशेष आकर्षण का केंद्र रही। महिलाओं ने पारंपरिक हरे परिधानों, लहरिया साड़ियों और आकर्षक आभूषणों से सज-धजकर सावन की रंगत को और भी खूबसूरत बना दिया। इस दौरान महिलाओं एवं बच्चों ने सावन के पारंपरिक गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर समां बांध दिया।
शिखा सोनी बनीं सावन क्वीन
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘सावन क्वीन’ प्रतियोगिता रही। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने कैटवॉक, टैलेंट राउंड और प्रश्नोत्तरी में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। निर्णायकों के मूल्यांकन के आधार पर श्रीमती शिखा सोनी ने प्रथम, श्रीमती सारिका सोनी ने द्वितीय और श्रीमती पूर्णिमा सोनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा विभिन्न मनोरंजक खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें विजेता प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर स्वर्णकार महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती सरला सोनी ने कहा कि सावन का महीना प्रकृति के नवजीवन, उल्लास और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक है। इस तरह के आयोजन समाज की महिलाओं को एक-दूसरे से जुड़ने का अवसर देने के साथ-साथ समृद्ध लोक-संस्कृति एवं परंपराओं को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
श्रीमती उषा साहू ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने के लिए ऐसे आयोजनों का निरंतर आयोजन किया जाना चाहिए।
समारोह के दौरान समाज की वरिष्ठ सदस्य श्रीमती लता सोनी एवं श्रीमती कुंती सोनी का सम्मान कर उनका आशीर्वाद लिया गया। कार्यक्रम में श्रीमती सरला सोनी, जयश्री स्वर्णकार, राखी सोनी, पूर्णिमा सोनी, डॉली सोनी, रेणु राजेश सोनी, शिखा निखिलदीप सोनी, रेणु अखिल सोनी, श्वेता सोनी, सारिका सोनी, प्रतिमा सोनी, अंजू सोनी, तृप्ति सोनी, भावना सोनी, बरखा सोनी एवं रिंकी सोनी सहित स्वर्णकार समाज की महिलाएं उपस्थित रहीं।