जनदर्शन में उमड़ी फरियादियों की भीड़, कलेक्टर ने गंभीर शिकायतों को सुना, त्वरित निराकरण के दिए सख्त निर्देश

एमसीबी/04 अगस्त 2026/ कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी सुश्री संतन देवी जांगड़े के मार्गदर्शन में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में जिले के दूर-दराज के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। जनदर्शन के दौरान कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदक की शिकायत को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से निराकरण सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाएगा।
आज आयोजित जनदर्शन में विभिन्न विभागों से संबंधित अनेक आवेदन प्राप्त हुए। इनमें भूमि विवाद, सीमांकन, नामांतरण, वनाधिकार पट्टा, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वास्थ्य सुविधाएं, सिंचाई व्यवस्था, निर्माण कार्यों का भुगतान, ऑनलाइन राजस्व अभिलेखों में सुधार, शासकीय भूमि पर अतिक्रमण, सहकारी समिति से जुड़े प्रकरण तथा अन्य जनसमस्याओं से संबंधित आवेदन शामिल रहे।
जनदर्शन में इंद्रजीत सिंह छाबड़ा निवासी चिरमिरी ने जन चौपाल (जनदर्शन) पोर्टल पर दर्ज शिकायत एवं नगर पालिका निगम चिरमिरी में कथित रॉयल्टी घोटाले के संबंध में एफआईआर दर्ज कराने का आवेदन प्रस्तुत किया। अभिनय तिवारी निवासी कनौज तथा राम प्रसाद सिंह निवासी मनेंद्रगढ़ ने भूमि संबंधी प्रकरणों के निराकरण की मांग की। रमाकांत पाण्डेय, सहायक प्रबंधक, आदिम जाति सेवा सहकारी समिति ने कोटाडोल समिति का प्रभार दिलाने का आवेदन प्रस्तुत किया, जबकि प्रदीप कुमार विश्वकर्मा निवासी मनेंद्रगढ़ ने राशि हड़प किए जाने की शिकायत दर्ज कराई।
चंद्रवती बैगा निवासी बरहोरी ने शासकीय भूमि का वनाधिकार पट्टा दिलाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। मंगल सिंह निवासी मलकडोल ने पट्टे की भूमि में लगी धान की फसल को राममहीपत सिंह एवं अन्य लोगों द्वारा जबरन जोतकर नष्ट करने की शिकायत की, जिस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
राजस्व संबंधी मामलों में रमाशंकर गुप्ता निवासी मनेंद्रगढ़ ने सीमांकन, अनीश अंसारी निवासी खोंगापानी ने ऑनलाइन रिकॉर्ड एवं नामांतरण संबंधी समस्या तथा आशीष कुमार निवासी चिरमिरी ने ऑनलाइन रिकॉर्ड दुरुस्त कर फौती नामांतरण के आधार पर नाम दर्ज करने का आवेदन प्रस्तुत किया।
ग्राम पंचायत खड़गवां के सरपंच ने निर्माण कार्यों की लंबित राशि के भुगतान की मांग रखी। वहीं प्रदीप तिग्गा निवासी रोझी ने सर्वे की गई भूमि पर नर्सरी एवं प्लांटेशन लगाए जाने की शिकायत दर्ज कराई। ओमप्रकाश निवासी रोकड़ा ने अतिरिक्त भवन निर्माण की द्वितीय किश्त की राशि जारी करने का आवेदन दिया। शराफत अली निवासी मनेंद्रगढ़ ने 220 बिस्तरीय सिविल अस्पताल में चाइल्ड स्पेशलिस्ट, महिला रोग विशेषज्ञ सहित आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
इसके अलावा बैजनाथ निवासी खोंगापानी तथा रामलाल साहू निवासी कटकोना ने राजस्व संबंधी मामलों में आवेदन प्रस्तुत किए। ग्राम रोझी के प्रभावित किसानों ने लगभग 40 वर्ष पूर्व निर्मित सिंचाई नहर पर अतिक्रमण कर आवास निर्माण किए जाने के कारण सिंचाई व्यवस्था बाधित होने की शिकायत करते हुए अतिक्रमण हटाने की मांग की। वहीं सविता साहू निवासी साल्ही ने प्रधानमंत्री आवास योजना की पात्रता सूची में अपना नाम जोड़ने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया।
जनदर्शन के अंत में कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण कर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जनदर्शन शासन और प्रशासन के बीच विश्वास का मजबूत माध्यम है तथा इसका उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रत्येक पात्र आवेदक को न्याय दिलाने एवं शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।