च्वाइस सेंटर और ट्रैक्टर शोरूम में नकदी चोरी, अज्ञात चोरों की तलाश

दो अलग-अलग वारदातों में 13,200 रुपये पार, पटेवा पुलिस ने दर्ज किए प्रकरण
महासमुंद। जिले के पटेवा थाना क्षेत्र में चोरी की दो अलग-अलग घटनाओं में अज्ञात चोरों ने दुकान और च्वाइस सेंटर को निशाना बनाते हुए नकदी पर हाथ साफ कर दिया। दोनों मामलों में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) एवं 305(ए) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पहली घटना ग्राम ढ़ाक स्थित एक च्वाइस सेंटर की है, जहां 12 जुलाई की रात से 13 जुलाई की सुबह के बीच अज्ञात चोर सेंटर के भीतर घुस गए और गल्ले में रखे 7 हजार रुपये चोरी कर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
वहीं दूसरी घटना राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित ट्रैक्टर शोरूम की है। यहां भी अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर प्रवेश किया और गल्ले में रखे 6,200 रुपये नकद चोरी कर लिए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

इन्हें भी पढ़े