नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत का भव्य स्वागत, संगठन मजबूती और जनहित के मुद्दों पर हुआ मंथन
खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चारों विधानसभा सीटों पर जीत का लिया संकल्प
महासमुंद। छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत के पिथौरा आगमन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य एवं उत्साहपूर्ण स्वागत किया। पिथौरा स्थित अग्रसेन भवन में आयोजित कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने डॉ. महंत का पुष्पहार एवं शाल पहनाकर अभिनंदन किया।
इस अवसर पर प्रदेश के समसामयिक राजनीतिक हालात, जनहित से जुड़े मुद्दों तथा कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत उसकी जनसेवा, मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने, उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाने तथा संगठन को गांव-गांव तक सशक्त बनाने का आह्वान किया।
डॉ. महंत ने कहा कि कांग्रेस हमेशा किसानों, युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है और भविष्य में भी जनहित के मुद्दों पर पूरी मजबूती के साथ संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए संगठित होकर कार्य करने और जनता का विश्वास अर्जित करने का आग्रह किया। उनके प्रेरणादायी संबोधन से उपस्थित कार्यकर्ताओं में नए उत्साह, आत्मविश्वास और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प दिखाई दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव ने कहा कि संगठन की एकजुटता ही कांग्रेस की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से समन्वय एवं समर्पण की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के विश्वास के बल पर आगामी चुनाव में जिले की चारों विधानसभा सीटों पर पार्टी का परचम लहराने के लिए संकल्पित है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देती रही है और आगे भी जनता की आवाज बनकर संघर्ष करती रहेगी।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक विनय जायसवाल, विनोद चंद्राकर, राजा देवेंद्र बहादुर, डॉ. रश्मि चंद्राकर, महेंद्र चंद्राकर, केशव चंद्राकर तथा दाऊलाल चंद्राकर, मुकेश यादव, करण दीवान, कुलवंत खनूजा, अरविंदर छाबड़ा, ब्लॉक अध्यक्ष देवनाथ साहू, खेमराज सिन्हा, लखबीर छाबड़ा, बागबाहरा नगर पालिका अध्यक्ष खिलेश्वरी ताम्रध्वज बघेल, युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष ताम्रध्वज बघेल, जिला कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष फिरोज मेमन, जिला महामंत्री शमीम खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
