धान उपार्जन केंद्र में चोरी करने वाला दो शातिर चोर गिरफ्तार
डॉयल-112 और पिथौरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई से 78,250 रुपये का पूरा चोरी का सामान बरामद, दोनों आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजे गए
महासमुंद। पिथौरा थाना क्षेत्र के ग्राम डिघेपुर स्थित धान उपार्जन केंद्र (सोसायटी) में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया 78 हजार 250 रुपये मूल्य का पूरा सामान बरामद कर लिया है। इस कार्रवाई में डॉयल-112 टीम और पिथौरा पुलिस की त्वरित सक्रियता की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 11 जुलाई को ठाकुरदियाखुर्द निवासी लोचन पटेल (46) ने थाना पिथौरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित बरेकेल के उपार्जन केंद्र डिघेपुर का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने कमरे में रखा इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा, इलेक्ट्रॉनिक तार, कैमरा केबल, सीसीटीवी कैमरे, 20 किलो के बाट, तीन फेस इलेक्ट्रॉनिक केबल तार तथा स्टील के धान कटोरे सहित कुल 78,250 रुपये मूल्य का सामान चोरी कर लिया है। शिकायत में पिथौरा निवासी मोहित नागर और शोभु देवार पर संदेह व्यक्त किया गया था, जिन्हें चोरी का सामान मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 04 एच पी 5860 में ले जाते हुए देखे जाने की बात सामने आई थी।
रिपोर्ट के आधार पर पिथौरा थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(3), 305(ए) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने तत्काल मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और संदिग्धों की तलाश शुरू की। सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर चोरी गया पूरा सामान बरामद कर जब्त कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में मोहित नागर (19 वर्ष), निवासी सुभाष नगर, महासमुंद तथा शोभु देवार (19 वर्ष), निवासी रानीसागरपारा, पिथौरा शामिल हैं। दोनों को 11 जुलाई को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटे, 10 एमएम इलेक्ट्रॉनिक तार का बंडल, पांच कैमरा केबल बंडल, दो सीसीटीवी कैमरे, 20 किलो के 14 बाट, तीन फेस इलेक्ट्रॉनिक केबल तार का एक बंडल तथा दो स्टील के धान कटोरे बरामद किए हैं। बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत 78,250 रुपये आंकी गई है।
