पत्थर से हमला कर दी जान से मारने की धमकी

बातचीत के दौरान युवक से मारपीट
महासमुंद। तुमगांव थाना क्षेत्र में एक युवक के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक वार्ड क्रमांक-08 तुमगांव निवासी अरविंद ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 30 मई की रात करीब 11 बजे वह बाजार चौक स्थित फ्रीडम चौक में यशवंत बंजारे के साथ बातचीत कर रहा था। इसी दौरान रोशन बांधे वहां पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा।
आरोप है कि रोशन बांधे ने पत्थर से हमला कर अरविंद की पिटाई की तथा उसे जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। रिपोर्ट के आधार पर तुमगांव पुलिस ने आरोपी रोशन बांधे के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 296 एवं 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।