विश्व पर्यावरण दिवस पर जिले की सभी ग्राम पंचायतों में होगी विशेष ग्राम सभा

स्वच्छ और हरित ग्राम थीम पर होंगे कार्यक्रम, जल संरक्षण, कचरा प्रबंधन और वृक्षारोपण पर लिया जाएगा संकल्प
महासमुंद। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून को जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) तथा सतत विकास लक्ष्यों के स्थानीयकरण के तहत ‘स्वच्छ और हरित ग्राम’ थीम पर केंद्रित रहेगा। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिले के सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों (सीईओ) को आवश्यक निर्देश जारी करते हुए आयोजन की विस्तृत जानकारी एवं की गई कार्रवाई से अवगत कराने कहा है।
विशेष ग्राम सभा में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के संबंध में विस्तृत चर्चा कर संकल्प पारित किया जाएगा। इसके तहत घरेलू एवं संस्थागत स्तर पर जैविक कचरे से खाद निर्माण को बढ़ावा देने, ग्रामीण क्षेत्रों में सिंगल-यूज प्लास्टिक के उपयोग को कम करने तथा स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
जल संरक्षण को लेकर भी ग्राम सभाओं में महत्वपूर्ण चर्चा होगी। स्थानीय जल निकायों जैसे तालाब, टैंक एवं अन्य जल स्रोतों को कचरा डंपिंग से सुरक्षित रखने, उनके संरक्षण एवं संवर्धन के उपायों पर विचार किया जाएगा। साथ ही गांव स्तर पर जल संसाधनों का मानचित्रण भी किया जाएगा।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायतों में विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इनमें सामूहिक पर्यावरण शपथ ग्रहण, नुक्कड़ नाटक, जागरूकता रैली, सामुदायिक श्रमदान के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों, जल निकायों एवं खेल मैदानों की सफाई, वृक्षारोपण अभियान तथा कचरा पृथक्कीकरण संबंधी संदेशों और चित्रों का दीवार लेखन शामिल है।
प्रशासन द्वारा इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, ग्राम पंचायत पदाधिकारियों, स्वयं सहायता समूहों, स्वच्छाग्रहियों, स्वच्छता कर्मियों, महिलाओं, युवाओं, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति परिवारों, अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं, स्कूली विद्यार्थियों तथा शिक्षकों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और जल संरक्षण के प्रति ग्रामीण समुदाय में जनजागरूकता बढ़ाते हुए सतत विकास के लक्ष्यों को गांव-गांव तक पहुंचाना है।