रेत फेंकने की बात पर विवाद, दोनों पक्षों ने दर्ज कराई रिपोर्ट

मारपीट के बाद पटेवा थाने में काउंटर केस
महासमुंद। पटेवा थाना क्षेत्र के ग्राम रामाडबरी में रेत फेंकने की बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने काउंटर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले पक्ष के अनुसार ग्राम रामाडबरी निवासी नरेंद्र सोनटके ने बताया कि 2 जून की शाम करीब 5 बजे वह केरामुड़ा मार्ग स्थित अपने खेत से ट्रैक्टर-ट्रॉली में ईंट लोड कर पत्नी हसीना सोनटके के साथ घर लौट रहा था। इसी दौरान पीपरी चौक स्थित बंजारे दुकान के सामने समारू सोनटके ने उसके ऊपर रेत फेंक दी। विरोध करने पर समारू ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची पत्नी हसीना सोनटके के साथ भी मारपीट की गई। बाद में मां प्रेमीन सोनटके और भाई शंकर सोनटके पहुंचे तो समारू सोनटके, किशन सोनटके एवं छीता सोनटके ने उनके साथ भी मारपीट की।
इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 296 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है।
वहीं दूसरे पक्ष के समारू सोनटके ने पुलिस को बताया कि वह अपने घर के सामने रेत छान रहा था। उसी समय शंकर सोनटके ने रेत फेंकने की बात को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। मना करने पर नरेंद्र सोनटके ने मारपीट की। बीच-बचाव के लिए आई उसकी पत्नी सीताबाई के साथ प्रेमीन सोनटके, संगीता, महेश्वरी तथा अन्य लोगों ने गाली-गलौज और मारपीट की।
समारू सोनटके की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 191(2) और 296 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।