समय पर खाद उपलब्ध होने से किसानों में उत्साह
नैनो उर्वरकों को भी मिल रहा बढ़ावा
गरियाबंद, 02 जून 2026/ खरीफ सीजन की तैयारियों के बीच किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों का सकारात्मक प्रभाव गरियाबंद जिले में भी देखने को मिल रहा है। सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को आवश्यक उर्वरक उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही नैनो यूरिया और नैनो डीएपी जैसे आधुनिक एवं उन्नत उर्वरकों के उपयोग को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
फिंगेश्वर विकासखंड अंतर्गत ग्राम जेंजरा निवासी किसान मेधावी साहू, जो लगभग 2 एकड़ भूमि में खेती करते हैं। उन्होंने बताया कि वेे कृषक सेवा सहकारी समिति मर्यादित जेंजरा से खरीफ फसल के लिए 3 बोरी यूरिया, नैनो यूरिया तथा 1 बोरी डीएपी का परमिट प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि समिति में खाद की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था सुचारु रूप से होने से उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई तथा खेती की तैयारी समय पर शुरू करने में सहायता मिली है। इसी प्रकार ग्राम जेंजरा के ही किसान कविलाष तारक, जो लगभग 60 डिसमिल भूमि में खेती करते हैं। उन्होंने बताया कि वे समिति से 1 बोरी डीएपी, 1 बोरी यूरिया तथा प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए उत्कृष्ट तरल जैव उर्वरक तरल कंसोर्टिया प्राप्त किया है। श्री तारक ने बताया कि रासायनिक उर्वरकों के साथ-साथ जैविक एवं प्राकृतिक खेती के विकल्प उपलब्ध होने से किसानों को अपनी आवश्यकता के अनुसार खेती की पद्धति अपनाने में सुविधा मिल रही है।
किसानों ने बताया कि नैनो यूरिया और नैनो डीएपी पोषक तत्वों की उपयोग दक्षता बढ़ाने में सहायक हैं। इनका उपयोग करने से पौधों को आवश्यक पोषण प्रभावी ढंग से प्राप्त होता है। जिससे फसल की वृद्धि और उत्पादन क्षमता में सुधार की संभावना बढ़ती है। साथ ही इनके उपयोग से पारंपरिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने और पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलती है। मेधावी साहू एवं कविलाष तारक ने खेती के लिए आवश्यक खाद एवं उर्वरकों की समय पर उपलब्धता पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का सहृदय धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराना राज्य सरकार की किसान हितैषी सोच का परिचायक है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस व्यवस्था से किसानों को खरीफ सीजन में बेहतर उत्पादन प्राप्त करने में सहायता मिलेगी।
