समितियों में भंडारित उर्वरकों का किया जा रहा है भौतिक सत्यापन
उर्वरकों के भंडारण एवं वितरण की जांच जारी, अनियमितता पाए जाने पर होगी कार्यवाही
कोरिया 29 मई 2026/ कृषि विभाग, कोरिया के उप संचालक द्वारा जिल्दा समिति में खाद अनियमितता के सम्बंध में स्पष्ट किया गया है कि जिले की समितियों में उपलब्ध उर्वरकों का भंडारण शासन द्वारा निर्धारित प्रक्रिया एवं अभिलेखों के अनुसार किया जाता है।
विभाग ने बताया कि समाचार प्रकाशित तथ्यों का सत्यापन कराया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में विभिन्न स्थानों पर अभिलेखीय एवं भौतिक सत्यापन कराया जा रहा है। खरीफ सीजन के दौरान उर्वरकों का आवंटन, उठाव एवं वितरण सतत प्रक्रिया होने के कारण समितियों में उपलब्ध स्टॉक की स्थिति समय-समय पर बदलती रहती है।
कृषि विभाग के अनुसार संबंधित समितियों में भंडारित उर्वरकों का भौतिक सत्यापन कराया जा रहा है, जिसके बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। विभाग ने यह भी कहा है कि समस्त समितियों में उर्वरक भंडारण एवं वितरण की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा किसी भी स्तर पर अनियमितता पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही किसानों को आवश्यकतानुसार उर्वरक उपलब्ध कराने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित किए जाने की बात भी विभाग द्वारा कही गई है।
