आरसीसी बरगा में पशु सखी प्रशिक्षण का हुआ शुभारंभ

राजनांदगांव 29 मई 2026। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत ग्रामीण महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए विशेष पहल की जा रही है। इसके अंतर्गत राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम बरगा स्थित ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) में पशु सखी (ए-हेल्प) का 15 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। जिला पंचायत सीईओ सुश्री सुरूचि सिंह एवं बड़ौदा आरसेटी के निदेशक अमित मिश्रा के मार्गदर्शन में पशु सखी के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम में बताया गया कि राज्य शासन द्वारा ग्रामीण विकास मंत्रालय से मिले विशेष अनुमोदन के तह पर पशु सखी प्रशिक्षण का आयोजन किया जा रहा है। जिले को मिले लक्ष्य के अनुरूप यह पहला बैच है। जिसमें छुरिया ब्लॉक की 30 ग्रामीण दीदियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। आरसेटी द्वारा आयोजित प्रशिक्षण में पशु सखियों को ग्रामीण स्तर पर पशुओं की बेहतर देखभाल एवं प्रबंधन, समय पर टीकाकरण, प्राथमिक उपचार, पशुओं के लिए उचित एवं पौष्टिक आहार, कृत्रिम गर्भाधान के संबंध में जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण को पूरा करने के बाद पशु सखियां अपने गांवों में जाकर पशुपालकों को जागरूक करेंगी और पशुधन विकास विभाग व ग्रामीणों के बीच एक मजबूत कड़ी के रूप में कार्य कर सकेंगी। इससे उनके स्वरोजगार के रास्ते खुलेंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इस अवसर पर जिला अग्रणी प्रबंधक मुनीश शर्मा, जिला पंचायत (एनआरएलएम-डीएमएमयू) पिनाकी डे सरकार, पशुधन विकास विभाग से मुख्य प्रशिक्षक डॉ. अजय शर्मा उपस्थित थे।