महानदी किनारे दफन मिला युवक का शव, हत्या के आरोप में तीन गिरफ्तार
मंदिर हसौद से लापता युवक की महासमुंद में हत्या, दोस्तों ने मारपीट के बाद शव गाड़कर छिपाया
महासमुंद। राजधानी रायपुर जिले के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र से लापता युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि युवक की उसके ही दोस्तों ने शराब पार्टी के दौरान विवाद होने पर मारपीट कर हत्या कर दी और सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को महानदी किनारे गड्ढा खोदकर दफना दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना मंदिर हसौद में दर्ज गुम इंसान मामले में युवक भुनेश्वर यादव 22 मई 2026 की शाम से लापता था। मामले की जांच के दौरान पता चला कि भुनेश्वर यादव अपने दोस्तों के साथ कार में शराब पीते हुए बेलसोंडा क्षेत्र की ओर गया था। इसी दौरान उसका अपने साथी नोहर रात्रे के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी नोहर रात्रे, अमित सिंह राजपूत एवं हेमचंद बंजारे ने मिलकर भुनेश्वर यादव के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। मारपीट के दौरान गंभीर चोट लगने से भुनेश्वर की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी घबरा गए और मामले को छिपाने की साजिश रचते हुए शव को ठिकाने लगाने का प्रयास किया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने अपने नांदगांव निवासी एक रिश्तेदार की मदद से महानदी किनारे टापूनुमा स्थान पर गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया था। मामले की जानकारी मिलने पर थाना मंदिर हसौद की पुलिस टीम महासमुंद पहुंची और स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर शव का उत्खनन कराया गया, जहां से मृतक का शव बरामद कर लिया गया।
घटनास्थल थाना महासमुंद क्षेत्र में पाए जाने के कारण पुलिस ने मर्ग क्रमांक कायम कर बीएनएस की धारा 103, 238 एवं 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
