सुशासन तिहार बना स्वास्थ्य सुरक्षा का माध्यम

देवकी बाई एवं सावित्री कमार को मिला आयुष्मान कार्ड
अब मिलेगा उन्हें 5 लाख तक निःशुल्क उपचार
गरियाबंद, 27 मई 2026/ राज्य शासन की महत्वाकांक्षी पहल सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत गरियाबंद जिले के छुरा विकासखंड में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर ग्रामीणों के लिए राहत और विश्वास का माध्यम बनते जा रहे हैं। ग्राम पंचायत घटकर्रा के आश्रित ग्राम नागझर में आयोजित समाधान शिविर में कलेक्टर बीएस उईके एवं स्वास्थ्य विभाग की सजगता और संवेदनशील पहल से श्रीमती देवकी बाई एवं श्रीमती सावित्री कमार को राजिम विधायक रोहित साहू के द्वारा आयुष्मान कार्ड प्रदान किया गया। अब दोनों हितग्राहियों को आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 लाख रुपये तक की निःशुल्क उपचार सुविधा प्राप्त हो सकेगी।
ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए गंभीर बीमारी की स्थिति में उपचार कराना अक्सर चुनौतीपूर्ण होता है। देवकी बाई एवं सावित्री कमार भी लंबे समय से स्वास्थ्य सुरक्षा योजना का लाभ लेने की पात्र थीं, लेकिन आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया एवं जानकारी के अभाव में आयुष्मान कार्ड नहीं बन पाया था। सुशासन तिहार के समाधान शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा दोनों महिलाओं की जानकारी का सत्यापन कर त्वरित प्रक्रिया पूरी की गई और मौके पर ही आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराया गया। आयुष्मान कार्ड मिलने के बाद दोनों महिलाओं के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। उन्होंने बताया कि अब बीमारी की स्थिति में बेहतर उपचार की चिंता कम हो गई है। आर्थिक तंगी के कारण पहले बड़े अस्पतालों में इलाज कराने को लेकर डर बना रहता था, लेकिन अब शासन की इस योजना से उन्हें बड़ी राहत मिली है। दोनों हितग्राहियों ने जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग तथा राज्य शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
सुशासन तिहार के माध्यम से शासन की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने का कार्य प्रभावी रूप से किया जा रहा है। समाधान शिविरों में आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के साथ-साथ उन्हें विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से भी जोड़ा जा रहा है। स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा एवं आजीविका से संबंधित योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए प्रशासन लगातार सक्रियता से कार्य कर रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य कर रही है। जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की समन्वित पहल से अब दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के जरूरतमंद परिवार भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ रहे हैं, जिससे उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहा है।

इन्हें भी पढ़े