अंतर्राष्ट्रीय धूम्रपान निषेध दिवस 31 मई को

गरियाबंद 26 मई 2026/ प्रतिवर्ष की भाँति इस वर्ष भी धूम्रपान एवं नशापान से होने वाले दुष्परिणाम के प्रति समाज में जन चेतना विकसित करने के लिए 31 मई को अंतर्राष्ट्रीय धूम्रपान निषेध दिवस का आयोजन किया जा रहा है। जिससे जन सामान्य में धूम्रपान के विरूद्ध सकारात्मक वातावरण निर्मित हो सके। तम्बाकू या तम्बाकू युक्त निर्मित विभिन्न उत्पादों के सेवन से सभी वर्गों में गंभीर व्याधियां परिलक्षित हो रही है, जो सभी के लिए चिंता का विषय है।
समाज कल्याण विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस प्रवृत्ति के विरूद्ध व्यापक जन चेतना विकसित करने हेतु जनपद पंचायत ग्राम पंचायत एवं नगरीय निकाय क्षेत्र के अंतर्गत जन सामान्य, मीडिया प्रतिनिधियों, स्वैच्छिक संस्थाओं, प्रतिष्ठित नागरिकों, भारत माता वाहिनी के सहयोग से नशापान के दुष्परिणामों के बारे मे बताने के लिए 31 मई को विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। जिसमें तम्बाकू सेवन के दुष्प्रभावों पर चर्चा एवं दुष्प्रभावों की जानकारी समुदाय में प्रचारित करना, सोशल मीडिया में नशापान के दुष्प्रभावों का प्रचार, प्रेरक नाटक, गीत परिचर्चा एवं यथा संभव योगाचार्यों के मार्गदर्शन में योगाभ्यास का प्रदर्शन तथा इससे होने वाले लाभ पर व्याख्यान, स्कूल, कॉलेज में नशामुक्ति संबंधी जागरूकता कार्यक्रम, भारत माता वाहिनी एवं समुदाय के सहयोग से वृहद रैली, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में नशापान से होने वाले दुष्परिणामों पर केन्द्रित व्याख्यान, चित्रकला, गीत, नृत्य, नाटक, प्रतियोगिताएं तथा मानव श्रृंखला का आयोजन, समारोह स्थल पर प्रदर्शनी, नशामुक्ति से संबंधित विभिन्न प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम, नशामुक्ति साहित्य का वितरण इत्यादि का आयोजन किया जाएगा।

इन्हें भी पढ़े