मामूली विवाद में युवक पर जानलेवा हमला, आरोपी कुछ ही घंटों में गिरफ्तार
मुर्गा काटने वाले धारदार चापड़े से सिर पर किया हमला, पुलिस ने हथियार समेत आरोपी को दबोचा
महासमुंद। शहर के मौहारीभाठा इलाके में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया गया। घटना के बाद फरार आरोपी को सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज कुछ घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार चापड़ा भी बरामद कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित टकेश्वर साहू (22 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 28 मौहारीभाठा ने थाना सिटी कोतवाली पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि 22 मई 2026 की रात करीब 8 बजे आरोपी शुभम निषाद ने बच्चे को डांटने-फटकारने की मामूली बात को लेकर विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने मुर्गा काटने वाले धारदार चापड़े से टकेश्वर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में पीड़ित के सिर, दोनों हाथों, उंगलियों सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़ित की शिकायत पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 309/2026 के तहत धारा 109(1) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी। इसी दौरान 24 मई को सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी शुभम निषाद को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में प्रयुक्त धारदार चापड़ा छिपाकर रखना स्वीकार किया, जिसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हथियार बरामद कर जब्त कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
