मुनगासेर में कांग्रेस का महंगाई के खिलाफ धरना प्रदर्शन

पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस और खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर साधा निशाना
महासमुंद। कांग्रेस जिलाध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव के मार्गदर्शन में ग्राम मुनगासेर में बढ़ती महंगाई के विरोध में कांग्रेसजनों द्वारा धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आम जनता को राहत देने की मांग उठाई।
धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम जनता का जीवन प्रभावित हो रहा है। पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस तथा खाद्य सामग्री के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल रही है और जनता को राहत देने के बजाय उनकी परेशानियां बढ़ रही हैं।
कांग्रेस नेताओं ने अपने संबोधन में कहा कि आज स्थिति यह है कि गरीब की थाली से दाल और तेल तक गायब हो चुके हैं। घरेलू बजट बिगड़ गया है और आम आदमी महंगाई की मार से त्रस्त है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के हितों की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी और सड़क से लेकर संसद तक आवाज बुलंद करेगी। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से खेमराज सिन्हा, सुनील टांडे, चंद्रहास साहू, संतोष पटेल, मूलचंद चंद्राकर, आकाश चंद्राकर, तूफान दीवान, शिवशंकर साहू, अंजोर ठाकुर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इन्हें भी पढ़े