जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनीं आमजन की समस्याएं
76 आवेदन प्राप्त, अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश
आंगनबाड़ी भवन मरम्मत पूर्ण होने पर पार्षद ने जताया आभार
महासमुंद। जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिलेभर से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। इस दौरान प्राप्त सभी आवेदनों के शीघ्र एवं प्राथमिकता के आधार पर निराकरण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
कलेक्टर श्री लंगेह ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक आवेदन का नियमानुसार परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाए। जनदर्शन में कुल 76 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें भूमि, पेंशन, निर्माण कार्य, भुगतान एवं अतिक्रमण से संबंधित मामले प्रमुख रहे।
जनदर्शन के दौरान महासमुंद के महामाया वार्ड की पार्षद श्रीमती ईश्वरी संजय भोई विशेष रूप से कलेक्टर का आभार व्यक्त करने पहुंचीं। उन्होंने बताया कि पिछले जनदर्शन में वार्ड स्थित आंगनबाड़ी भवन के जीर्णोद्धार के लिए आवेदन प्रस्तुत किया गया था, जिस पर कलेक्टर द्वारा तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। प्रशासन की पहल से अब भवन का मरम्मत कार्य पूर्ण हो चुका है, जिससे वार्डवासियों में खुशी का माहौल है।
इसी क्रम में डॉ. राजेन्द्र प्रसाद वार्ड के पार्षद धनेंद्र चंद्राकर ने शीतला तालाब में सार्वजनिक पचरी निर्माण की मांग को लेकर आवेदन सौंपा। वहीं तमोरा निवासी दिव्यांग द्वारिका प्रसाद तांडे ने पेंशन संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। बसना विकासखंड के ग्राम अंकोरी निवासी ज्ञान सिंह रायधर ने भू-अभिलेख सुधार की मांग रखी।
इसके अलावा साहू तेली संघ द्वारा कन्या छात्रावास, वृद्धाश्रम एवं बालक छात्रावास निर्माण के लिए भूमि आबंटन संबंधी आवेदन कलेक्टर को सौंपा गया। जनदर्शन में अवैध अतिक्रमण हटाने, लंबित भुगतान कराने सहित अन्य जनसमस्याओं से जुड़े आवेदन भी प्राप्त हुए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा, रवि साहू सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
