10 लाख का वाटर एटीएम बना शोपीस, बूंद-बूंद पानी को तरस रहे लोग

सरायपाली में ठंडा पानी देने वाली मशीन वर्षों से बंद, मजबूरी में 20 रुपये लीटर पानी खरीद रहे नागरिक
महासमुंद। भीषण गर्मी के बीच जहां लोग पानी की एक-एक बूंद के लिए परेशान हैं, वहीं महासमुंद जिले के सरायपाली नगर पालिका क्षेत्र में लाखों रुपये की लागत से लगाया गया वाटर एटीएम शोपीस बनकर खड़ा है। मशीन खराब होने के कारण राहगीरों और आम लोगों को शुद्ध एवं ठंडा पानी नहीं मिल पा रहा है। मजबूरन लोगों को बाजार से महंगे दामों पर पानी खरीदकर पीना पड़ रहा है।
सरायपाली नगर पालिका क्षेत्र में वर्ष 2016-17 में आम जनता और राहगीरों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एसडीएम कार्यालय और बस स्टैंड के पास लगभग 10-10 लाख रुपये की लागत से दो वाटर एटीएम स्थापित किए गए थे। इन मशीनों का उद्देश्य लोगों को मात्र एक रुपये में ठंडा और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना था।
बताया जा रहा है कि वाटर एटीएम शुरुआती एक-दो वर्षों तक ही संचालित हो पाए, इसके बाद मशीनें खराब हो गईं और आज तक बंद पड़ी हुई हैं। देखरेख और मरम्मत के अभाव में अब ये मशीनें केवल शोपीस बनकर रह गई हैं। गर्मी के इस मौसम में जहां तापमान लगातार बढ़ रहा है, वहीं राहगीरों और स्थानीय लोगों को पानी के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर पालिका द्वारा लाखों रुपये खर्च कर लगाए गए वाटर एटीएम का लोगों को कोई लाभ नहीं मिल रहा है। मशीनें बंद होने के कारण उन्हें मजबूरी में 20 रुपये प्रति लीटर तक पानी खरीदकर पीना पड़ रहा है। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द मशीनों की मरम्मत कर पुनः चालू कराने की मांग की है।
वहीं इस मामले में नगर पालिका के सीएमओ दिनेश यादव का कहना है कि वाटर एटीएम का निर्माण और संचालन एक निजी एजेंसी द्वारा किया गया था। मशीनों की खराब स्थिति की जानकारी उन्हें मीडिया के माध्यम से मिली है। उन्होंने कहा कि संबंधित एजेंसी से चर्चा कर मशीनों को पुनः चालू कराने का प्रयास किया जाएगा।