“नवा बिहान” अभियान के तहत पुलिस की बड़ी पहल

साइबर अपराध, सोशल मीडिया सुरक्षा, नशा मुक्ति और गौ तस्करी रोकथाम को लेकर जिलेभर में जनजागरण अभियान
1500 से अधिक लोग हुए लाभान्वित, “संवाद” व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9479229939 जारी
महासमुंद। पुलिस द्वारा आम जनता को जागरूक, सतर्क और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से जिलेभर में “नवा बिहान” जनजागरण अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत पुलिस टीम हाट-बाजार, स्कूल, कॉलेज, बस स्टैंड, बैंक, चौक-चौराहों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को साइबर अपराध, सोशल मीडिया सुरक्षा, ऑनलाइन ठगी, नशा मुक्ति, महिला सुरक्षा एवं गौ तस्करी रोकथाम के संबंध में जागरूक कर रही है।
पुलिस द्वारा मोबाइल उपयोगकर्ताओं, स्कूली छात्र-छात्राओं, युवाओं एवं बुजुर्गों को साइबर अपराध से बचने के उपाय बताए जा रहे हैं। अभियान के दौरान लोगों को फेक ट्रेडिंग ऐप, सेक्सटॉर्शन, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर ठगी, एपीके फाइल लिंक और सोशल मीडिया फ्रॉड जैसे अपराधों से सावधान रहने की सलाह दी गई।
ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पहुंच रही पुलिस टीम
“नवा बिहान” अभियान के तहत थाना सांकरा के ग्राम छुईपाली बाजार, थाना सिंघोड़ा के ग्राम द्वारतलाकला बाजार, चौकी टूहलु, पिथौरा लाखागढ़ चौक, ग्राम भंवरपुर एवं बल्दीडीह हाट बाजार सहित विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान लोगों को साइबर सुरक्षा, अभिव्यक्ति ऐप, महिला संबंधी अपराध, यातायात नियम एवं नशा मुक्ति के बारे में जानकारी दी गई।
सोशल मीडिया पर सतर्क रहने की अपील
पुलिस ने लोगों को सोशल मीडिया पर अनजान व्यक्तियों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार नहीं करने, व्यक्तिगत एवं संवेदनशील जानकारी साझा न करने तथा मोबाइल में मजबूत पासवर्ड रखने की सलाह दी। साथ ही व्हाट्सएप, फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर टू-स्टेप वेरिफिकेशन ऑन रखने के लिए प्रेरित किया गया।
“डिजिटल अरेस्ट” के नाम पर ठगी से सावधान रहने की सलाह
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आजकल अपराधी पुलिस, सीबीआई या जज बनकर वीडियो कॉल करते हैं और “डिजिटल अरेस्ट” के नाम पर लोगों को डराकर पैसे वसूलते हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कोई भी सरकारी एजेंसी वीडियो कॉल पर पैसे की मांग नहीं करती। ऐसे मामलों में घबराने के बजाय तत्काल शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई।
साइबर ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत
पुलिस ने नागरिकों को बताया कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या � पर शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही निकटतम साइबर सेल या थाने में भी सूचना देने की अपील की गई।
“संवाद” हेल्पलाइन बनी जनता की मददगार
जिला पुलिस ने आमजन की सुविधा के लिए “संवाद” शिकायत हेल्प डेस्क की शुरुआत की है। इसके लिए व्हाट्सएप नंबर 9479229939 जारी किया गया है। इस नंबर पर लोग किसी भी संदिग्ध या अवैध गतिविधि की सूचना दे सकते हैं। पुलिस ने बताया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। हेल्पलाइन में गुप्त सूचना एवं सामान्य शिकायत दर्ज कराने के अलग-अलग विकल्प उपलब्ध हैं।
गौ तस्करी और नशा मुक्ति पर भी फोकस
पुलिस ने क्षेत्र में गौवंश तस्करी रोकने के लिए लोगों से सहयोग की अपील की। किसी भी अवैध परिवहन या तस्करी की सूचना तत्काल नजदीकी थाने या “संवाद” हेल्पलाइन पर देने को कहा गया। इसके साथ ही नागरिकों से नशे से दूर रहने एवं समाज को नशा मुक्त बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया गया।
आपात स्थिति में डायल-112 का उपयोग करने की अपील
पुलिस ने लोगों को आपातकालीन सेवा “डायल-112” की जानकारी देते हुए बताया कि दुर्घटना, विवाद या किसी भी आपात स्थिति में कॉल करने पर पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम तत्काल सहायता के लिए पहुंचती है। पुलिस द्वारा संचालित इस जनजागरूकता अभियान में अब तक 1500 से अधिक लोग शामिल होकर लाभान्वित हो चुके हैं।