इंटेक वेल की क्षमता बढ़ाने मंत्री से मिलेंगे नपाध्यक्ष
नगर की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए पेयजल व्यवस्था मजबूत करने की पहल, शासन से शीघ्र स्वीकृति की जताई उम्मीद
महासमुंद। नगरवासियों को सुचारु, नियमित एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू जल्द ही प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री से मुलाकात करेंगे। इस दौरान वे नगर की वर्तमान एवं भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इंटेक वेल की क्षमता बढ़ाने की मांग प्रमुखता से रखेंगे।
पालिका अध्यक्ष ने बताया कि गर्मी के मौसम में पेयजल की मांग में लगातार वृद्धि हो जाती है, जिससे जलापूर्ति व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। नगर की बढ़ती आबादी और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए जल स्रोतों को मजबूत करना आवश्यक हो गया है। इसी को ध्यान में रखते हुए इंटेक वेल की क्षमता वृद्धि का प्रस्ताव शासन स्तर पर प्रस्तुत किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नगर में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने तथा नागरिकों को पेयजल संबंधी किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए नगर पालिका लगातार प्रयास कर रही है। मंत्री से होने वाली मुलाकात के दौरान पेयजल व्यवस्था से जुड़ी अन्य आवश्यक समस्याओं एवं मांगों से भी अवगत कराया जाएगा।
निखिलकांत साहू ने उम्मीद जताई कि शासन से शीघ्र स्वीकृति मिलने के बाद नगर की पेयजल व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा नागरिकों को पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सकेगा।
