सुशासन तिहार से हुआ त्वरित निराकरण : राधे मांडले के घर के बाहर से हटा अवैध कब्जा
कलेक्टर के निर्देश पर नगर निगम जोन-3 ने की तत्काल कार्रवाई, नाली हुई कब्जा
रायपुर, 12 मई 2026। सुशासन तिहार 2026 के तहत रायपुर नगर निगम जोन-3 में जनसमस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा रहा है। जोन-3 अंतर्गत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में महिला आवेदक श्रीमती राधे मांडले की शिकायत पर नगर निगम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नाली से अवैध कब्जा हटाया।
नेताजी सुभाषचंद्र बोस वार्ड की निवासी श्रीमती राधे मांडले ने शिविर में आवेदन देकर पंडित शिवराम स्कूल के पास नाली पर किए गए अवैध कब्जे की शिकायत की थी। आवेदन प्राप्त होते ही कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर नगर निवेश विभाग की टीम सक्रिय हुई।
कार्यपालन अभियंता ईश्वर लाल टावरे के नेतृत्व में सहायक अभियंता नरेश साहू एवं उपअभियंता अक्षय भारद्वाज की टीम मौके पर पहुंची। विभाग ने हथौड़े से अवैध निर्माण को तोड़कर नाली को कब्जामुक्त किया। इससे नाली की स्वच्छता में आ रही बाधा दूर हुई और जल निकासी सुचारू हो गई।
श्रीमती राधे मांडले ने बताया मैंने जनसमस्या निवारण शिविर में मेरे घर के बाहर अवैध कब्जे को लेकर आवेदन किया था। इसके पश्चात तत्काल निगम प्रशासन की टीम ने कार्रवाई करते हुए कब्जे को तोड़ा। अब मेरे परिवार को किसी प्रकार की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। इसके लिए मैं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी को धन्यवाद करती हूं।
