खेत में घेरा लगाने को लेकर विवाद, दो लोगों पर मारपीट का केस
महासमुंद। सरायपाली थाना क्षेत्र के ग्राम डोंगरीपाली में खेत में घेरा लगाने की बात को लेकर विवाद हो गया। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मारपीट और धमकी देने का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक ग्राम डोंगरीपाली निवासी श्रीराम सिदार ने अपने घर के पास खेत में रबी फसल लगाई है। 10 मई को सुबह करीब 11 बजे वह फसलों को मवेशियों से बचाने के लिए खेत में घेरा लगा रहे थे। इसी दौरान गांव का तरूण सिदार वहां पहुंचा और घेरा लगाने की बात को लेकर गाली-गलौज करने लगा। श्रीराम सिदार द्वारा विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि उसी समय खेत में मवेशी घुसने पर श्रीराम उन्हें खदेड़ रहे थे, तभी तरूण सिदार अपने रिश्तेदार सुकलाल सिदार को लेकर आया और दोनों ने मिलकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा मारपीट की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तरूण सिदार और सुकलाल सिदार के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
