पोषण माह के अंतर्गत आंगन मिलन एवं सेवा संकल्प कार्यक्रम का सफल आयोजन

कोण्डागांव, 30 सितंबर 2026/ कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना के निर्देशन तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी रेनू प्रकाश, महिला एवं बाल विकास विभाग के मार्गदर्शन में पोषण माह के अंतर्गत 30 सितंबर 2026 को जिले के 88 आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘‘आंगन मिलन कार्यक्रम’’ एवं ‘‘सेवा संकल्प अभियान’’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य गर्भवती एवं धात्री माताओं, किशोरियों, बच्चों तथा उनके परिवारों को पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं प्रारंभिक बाल विकास के प्रति जागरूक करना तथा आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से उपलब्ध सेवाओं का लाभ हितग्राहियों तक पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों को समुदाय के लिए संवाद एवं जागरूकता के केंद्र के रूप में विकसित करते हुए पोषण एवं स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने संतुलित एवं पौष्टिक आहार, स्थानीय खाद्य पदार्थों के उपयोग तथा बच्चों के पोषण के संबंध में जानकारी दी। ‘‘बाल पोषण एवं शिशु आहार’’ पर विशेष चर्चा करते हुए माताओं को जन्म के बाद शीघ्र स्तनपान तथा जीवन के पहले छह माह तक केवल स्तनपान कराने के महत्व की जानकारी दी गई। छह माह की आयु पूर्ण होने के बाद स्तनपान के साथ उम्र के अनुरूप पर्याप्त, सुरक्षित एवं विविध पूरक आहार देने के लिए अभिभावकों को प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में गर्भवती एवं धात्री माताओं के पोषण पर भी विशेष जोर दिया गया। महिलाओं को गर्भावस्था एवं प्रसव के बाद संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही किशोरियों को संतुलित आहार, व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वच्छ पेयजल एवं स्वस्थ जीवनशैली के महत्व की जानकारी दी गई।
बच्चों की वृद्धि निगरानी, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य को भी कार्यक्रम में महत्वपूर्ण विषय के रूप में शामिल किया गया। अभिभावकों को बच्चों के वजन एवं वृद्धि की नियमित निगरानी करने तथा आवश्यकता होने पर समय पर परामर्श एवं सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। हाथ धोने की सही विधि, स्वच्छ पेयजल के उपयोग, भोजन को ढंककर रखने तथा आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के संबंध में भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान ‘‘पोषण वाटिका एवं स्थानीय खाद्य पदार्थों’’ के महत्व को रेखांकित करते हुए स्थानीय एवं मौसमी सब्जियों, फलों, दालों एवं अनाज सहित अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थों के उपयोग को बढ़ावा देने की जानकारी दी गई। प्रारंभिक बाल विकास के लिए बच्चों के साथ बातचीत, खेल, कहानी, चित्र एवं अन्य गतिविधियों के माध्यम से सीखने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए अभिभावकों को प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण में महतारी वंदन योजना की हितग्राही द्वारा सफलता की कहानी का वाचन, स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता, ‘‘मेरी पौष्टिक थाली’’ का प्रदर्शन, बच्चों द्वारा बालगीतों की प्रस्तुति एवं न्यौता भोज का आयोजन रहा। इसके साथ ही विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। पोषण माह के अंतर्गत पोषण शपथ तथा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत ‘‘बाल विवाह मुक्त कोण्डागांव’’ की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम में जनपद सदस्य पन्नालाल नेताम एवं घस्सू राम नेताम, सरपंच रूखमणी पोयाम, संजू नेताम, दीपेन्द्र नाग सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं समस्त पंचगण का सहयोग रहा। कार्यक्रम में ग्रामीणजनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं तथा स्थानीय समुदाय की सक्रिय सहभागिता रही।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले के नागरिकों से अपील की गई कि वे अपने आसपास के बच्चों, गर्भवती एवं धात्री माताओं तथा किशोरियों के पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील रहें। पोषण संबंधी किसी भी समस्या के लिए निकटतम आंगनबाड़ी केंद्र से संपर्क कर उपलब्ध सेवाओं एवं आवश्यक परामर्श का लाभ लिया जा सकता है। कार्यक्रम के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़ी सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी हितग्राहियों तक पहुंचाई गई तथा महिलाओं एवं अभिभावकों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।